रायपुर ।PDS in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ प्रदेश के राशन कार्डधारी उपभोक्ताओं को फरवरी और मार्च महीने का चावल एक साथ मिलेगा। खाद्य विभाग द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रदेश के सभी उचित मूल्य दुकानों से वितरण के लिए फरवरी और मार्च महीने के चावल का आबंटन एकमुश्त जारी कर दिया गया है। इन दोनों महीनों का चावल वितरण फरवरी में चावल उत्सव का आयोजन करके किया जाएगा। गौरतलब है कि आदर्श आचार संहिता लागू होने की वजह से इन दिनों नए बने राशन कार्ड पर खाद्यान्न् नहीं मिल रहा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न् होते ही राशन कार्डधारी उपभोक्ता अपनी सुविधानुसार एक साथ दोनों माह का चावल ले सकते हैं। उपभोक्ता को दो माह का चावल एक साथ लेने की बाध्यता नहीं है। अपनी सुविधानुसार फरवरी माह का चावल फरवरी में और मार्च माह का चावल मार्च माह में उचित मूल्य की दुकानों से ले सकेंगे।

प्रदेश के 56 लाख 48 हजार अंत्योदय, प्राथमिकता, एकता निराश्रित, अन्न्पूर्णा और नि:शक्तजन राशन कार्डधारियों को नमक, चना, शक्कर और बस्तर संभाग में वितरण के लिए गुड़ का आबंटन भी फरवरी के लिए जारी किया जा चुका है। इसके अलावा सामान्य (एपीएल) राशनकार्डधारी उपभोक्ताओं के लिए भी माह फरवरी का आबंटन जारी किया गया है। खाद्य विभाग द्वारा मंत्रालय से जारी आबंटन आदेश में प्रदेश के प्रत्येक उचित मूल्य की दुकान में एक सप्ताह से 15 दिनों तक के लिए बड़ी मात्रा में चावल रखने के लिए सुरक्षित स्थान की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश सभी जिले के कलेक्टरों को दिए गए हैं।

उचित मूल्य की दुकानों में नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा भंडारित खाद्यान्न् का भौतिक सत्यापन निगरानी समिति के माध्यम से खाद्य विभाग के अधिकारियों से पुष्टि कराया जाएगा। राशन कार्डधारियों को दो माह का खाद्यान्न् एक मुश्त वितरण करने के संबंध में जानकारी सभी उचित मूल्य के दुकानों में सूचना पटल पर प्रदर्शित करने के साथ ही संचार माध्यमों एवं मुनादी के माध्यम से उपभोक्ताओं को जानकारी देने कहा गया है।खाद्य विभाग द्वारा प्रदेश के प्रत्येक उचित मूल्य की दुकानों में चावल महोत्सव का आयोजन कर जन प्रतिनिधियों, निगरानी समिति के सदस्यों एवं कलेक्टर द्वारा नामांकित अधिकारियों के समक्ष राशन का वितरण कराया जाएगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *