ई-कॉमर्स प्रमुख फ्लिपकार्ट ने बुधवार को घोषणा की कि वह मेट्रो और गैर-मेट्रो शहरों में कई श्रेणियों में उत्पादों की एक ही दिन में डिलीवरी शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत अहमदाबाद, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, कोयंबटूर, चेन्नई, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, इंदौर, जयपुर, कोलकाता, लुधियाना, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, पुणे, पटना, रायपुर, सिलिगुड़ी और विजयवाड़ा में जो ग्राहक दोपहर एक बजे से पहले ऑर्डर प्लेस करेंगे, उन्हें उसी रात 12 बजे से पहले प्रोडक्ट डिलीवर कर दिया जाएगा।
फरवरी से इस पहल की शुरुआत की जा रही है और आने वाले महीनों में धीरे-धीरे पूरे देश में ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
फ्लिपकार्ट की इस पहल के तहत ग्राहकों को मोबाइल्स, फैशन, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, लाइफस्टाइल, किताब, होम अप्लायंस और इलेक्ट्रॉनिक्स की श्रेणी में उत्पादों की सेम डे डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। इससे ग्राहकों के लिए अपनी जरूरत के कई उत्पाद एक ही दिन के भीतर पाना संभव हो सकेगा।
फ्लिपकार्ट एक महीने में 12 करोड़ से ज्यादा पैकेज डिलीवर करता है और इसने देश के दूरदराज के क्षेत्रों के ग्राहकों तक पहुंचने के लिए अपनी सप्लाई चेन को मजबूत बनाने पर व्यापक निवेश किया है। सेम डे डिलीवरी की सुविधा प्रदान करने के लिए फ्लिपकार्ट ने पिछले एक साल में कई फुलफिलमेंट सेंटर पर निवेश किया है।
