राजनांदगांव : राष्ट्रीय खेल नीति पर चलेगी छत्तीसगढ़ हॉकी, ग्रास रूट से खिलाड़ी और निखरेंगे…

राजनांदगांव , छत्तीसगढ़ हॉकी की विशेष आमसभा में राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम-2025 व राष्ट्रीय खेल निकाय नियम के प्रावधान को लागू करने का प्रस्ताव पारित किया गया। हॉकी के ग्रास रूट विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने, जिला इकाइयों को सशक्त बनाने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की उपलब्धियों को आगे बढ़ाने की रणनीति तय की गई। शहर के एक निजी होटल में छत्तीसगढ़ हॉकी की विशेष आमसभा संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी की अध्यक्षता में हुई।

बैठक की शुरुआत महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण एवं कार्यवाही से की। आमसभा का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार द्वारा अधिसूचित राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम-2025, राष्ट्रीय खेल निकाय नियम-2025 तथा 31 दिसंबर 2025 की अधिसूचना के अनुरूप छत्तीसगढ़ हॉकी में आवश्यक प्रावधान लागू करने के लिए प्रस्ताव पारित करना रहा। अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि बीता वर्ष छत्तीसगढ़ हॉकी के लिए ऐतिहासिक रहा है। प्रदेश सरकार और खेल विभाग खिलाड़ियों की सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

खिलाड़ियों को अवसर देने प्रतिबद्ध छत्तीसगढ़ हॉकी फिरोज अंसारी ने संबोधित करते हुए कहा छत्तीसगढ़ हॉकी भी राष्ट्रीय खेल नीति के प्रावधान का पालन कर खिलाड़ियों को अवसर उपलब्ध कराने प्रतिबद्ध है। सभी जिला हॉकी संघों से ग्रास रूट स्तर पर संगठित रूप से कार्य करने और प्रतिभाओं को आगे लाने का आह्वान किया। जिला हॉकी संघों को सोसायटी पंजीयन, पैन कार्ड और बैंक खाते सहित सभी दस्तावेज पूर्ण रखने निर्देशित किया है। निर्धारित मानकों का पालन करने वाली जिला इकाइयों को हॉकी इंडिया से अनुदान मिलने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

पदाधिकारियों ने विकास को लेकर सुझाव भी​ दिए महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने वर्ष 2025-26 के बजट, संगठन के विकास काम, सब जूनियर, जूनियर और सीनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए स्थल चयन की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में हॉकी के विस्तार के लिए सभी जिला इकाइयों, पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों से सहयोग की अपेक्षा जताई। बैठक में प्रदेश के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। आमसभा में विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने हॉकी के विकास को लेकर सुझाव दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *