भोपाल
भोपाल से कायाकल्प अभियान में कितनी राशि और उपकरण मिले हैं, उसका क्या उपयोग किया गया। पैथालॉजी टेस्ट प्रतिदिन कितने हो रहे हैं। डायलेसिस मशीन कैसे काम कर रही है, दवाओं की उपलब्धता क्या है और एम्बुलेंस की व्यवस्था क्या है, इसका लाभ कैसे लोगों को मिलता है… कुछ इस प्रकार के प्रश्न मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंडला जिला चिकित्सालय के औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन से किये। उन्होंने चिकित्सालय में उपचाररत भर्ती मरीजों की व्यवस्था का जायजा लिया और पैथालॉजी लेब का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. कृपाराम शाक्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

अस्पताल की व्यवस्थाएँ सुधारें, विशेष टीम करेगी दौरा
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर हर्षिका सिंह को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय की मूलभूत व्यवस्थाएँ सुधारें। मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय में दवाइयों की उपलब्धता, स्टोर रूम की व्यवस्था तथा अभिलेखों की जांच भी की। चौहान ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की पुनः जांच करने के लिए भोपाल से विशेष टीम मंडला का दौरा करेगी। मुख्यमंत्री चौहान ने जिला चिकित्सालय के अलग-अलग वार्डों एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जिला चिकित्सालय के लिए राज्य स्तर से भेजे गए स्वास्थ्य एवं जांच उपकरणों के इन्स्टॉलेशन की जानकारी भी मांगी।

छात्रावास अधीक्षक को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री चौहान ने जनजातीय बालिका एवं सीनियर बालिका छात्रावास का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने छात्रावासमें भोजन कक्ष, शयन कक्ष, शौचालय, पेयजल, अध्ययन कक्ष और परिसर में साफ-सफाई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की। मुख्यमंत्री ने छात्रावास की सारी व्यवस्थाएँ सुचारू संचालित होने और अच्छा कार्य करने पर हॉस्टल अधीक्षक प्रभा गुमास्ते को सम्मानित किया।

कर्मठ अधिकारी-कर्मचारी को किया सम्मानित
मंडला में आक्समिक दौरे के दौरान मुख्यमंत्री चौहान का अलग-अलग रूप देखने को मिला। उन्होंने जहाँ एक ओर लापरवाह अधिकारियों को मौके पर ही सबक सिखाया। वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन के कर्मठ अधिकारियों का सम्मान भी किया। कन्या छात्रावासों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को पुष्प-गुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों को उनकी कर्त्तव्यनिष्ठा के लिए बधाई दी और पीठ थपथपाई। मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस.एस. मरावी, कार्यपालन यंत्री पीआईयू जी.पी. पटले और वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने एसडीएम बिछिया सुश्री सुलेखा उईके, नायब तहसीलदार बिछिया सुश्री शीतल चंद्रवंशी, एआरसीएस राजेश उईके, उप निरीक्षक नक्सल शाखा उपेन्द्र दुबे के कार्यों की सराहना कर शुभकामनाएँ दी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *