गांव में फैला डायरिया : 30 से ज्यादा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी

सुहेला। बलौदाबाजार-सुहेला के बिटकुली गांव में डायरिया ने कहर बरपा दिया है। गांव में बीते तीन दिनों से लगातार उल्टी-दस्त और बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि, 30 से ज्यादा मरीज अब तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुहेला में भर्ती हो चुके हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।

मंगलवार की रात को अस्पताल में 13 नए मरीजों की भर्ती हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। चार साल के अविनाश से लेकर 70 वर्षीय रुक्मिणी साहू तक सभी डायरिया की चपेट में आ चुके हैं। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि, इलाज जारी है, लेकिन गांव में अब तक न कोई शिविर लगा है और न ही पेयजल की जांच रिपोर्ट सामने आई है।

डायरिया पीड़ित मरीजों और गर्भवती महिलाओं का वार्ड आपस में लगा हुआ ,है जिससे नवजात शिशु और गर्भवती महिलाओं को भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, जनपद अध्यक्ष दौलत पाल, सरपंच डोमार मारकंडे और अन्य प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे।

जिलाध्यक्ष आनंद यादव ने कहा कि, मरीजों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में हो रहा है। आवश्यकता पड़ने पर गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। जनपद अध्यक्ष दौलत पाल ने कहा कि, स्वास्थ्य विभाग को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पानी की जांच और शिविर जल्द लगाया जाएगा। CHC प्रभारी डॉ. मनोहर लाल ध्रुव ने कहा कि, इलाज जारी है, गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा। आदेश मिलते ही गांव में शिविर लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *