शहीद एएसपी गिरिपुंजे के परिजनों से मिले अमित शाह : बोले- देश हमेशा उनके बलिदान का रहेगा ऋणी

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को नवा रायपुर में सुकमा में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरिपुंजे के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिवार को सांत्वना देते हुए उनकी वीरता और बलिदान को राष्ट्र के लिए अविस्मरणीय बताया।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश हमेशा आकाश राव गिरिपुंजे के बलिदान का ऋणी रहेगा और उनकी शहादत को कभी व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने शहीद गिरिपुंजे के साहस को प्रेरणादायी बताते हुए उनके योगदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य करार दिया। इस अवसर पर शहीद आकाश राव गिरिपुंजे के परिजनों को आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार शहीदों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नक्सलियों की IED ब्लास्ट में शहीद हुए थे एएसपी

नक्सलियों ने 10 जून को भारत बंद का आह्वान किया था। इससे पहले नक्सलियों ने दहशत फैलाने के लिए खदान में एक JCB में आग लगा दी थी। सूचना मिलने के बाद एएसपी आकाश राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान वे खदान में जली हुई JCB के पास गए। जैसे ही वे मशीन के पास पहुंचे, नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर दिया, जिसकी चपेट में तीनों पुलिस अधिकारी आ गए। इस हमले में एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे शहीद हो गए।

See also  राजनांदगांव : कर्ज और खाद के वितरण की स्थिति…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *