CG : आश्रम-छात्रावासों की व्यवस्था दुरुस्त करें, मंत्री नेताम…

कोंडागांव । आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि तथा किसान कल्याण विभाग के मंत्री रामविचार नेताम ने गुरुवार को जिला कार्यालय कोंडागांव के सभाकक्ष में बस्तर, नारायणपुर एवं कोंडागांव जिले के विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन के प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही बीज एवं उर्वरक वितरण तथा किसानों के हित में कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को विकसित राज्य बनाने के लिए कृषि अर्थव्यवस्था की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को बीज एवं खाद की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही विभागीय योजनाओं का कारगर क्रियान्वयन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें । बैठक में विधायक एवं उपाध्यक्ष बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण लता उसेण्डी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम एवं कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना उपस्थित रहे।

आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री नेताम ने आश्रम-छात्रावास एवं विशिष्ठ संस्थाओं के भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्माणाधीन कार्यों को तीन माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों की नियमित साफ-सफाई और बिजली, पेयजल, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वहां रहने वाले बच्चों के साथ संवेदनशीलता के साथ बर्ताव हो और खुशनुमा माहौल प्रदान करें।

उन्होंने सभी सहायक आयुक्त को निर्देशित किया कि आश्रम-छात्रावासों में साफ-सफाई नियमित तौर पर सुनिश्चित करें। बच्चों को मौसमी बीमारी से बचाव एवं उपचार, खाद्य सामग्री में स्वच्छता और गुणवत्ता का ध्यान रखने के साथ ही भोजन में मिलेटस को भी शामिल करने को कहा।

See also  CG : बिलासपुर में 5 लुटेरे गिरफ्तार, मदद मांगने के बहाने दे रहे थे वारदात को अंजाम …

उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना और प्रधानमंत्री जन मन योजना के प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के महात्वाकांक्षी योजना है, जो जनजातीय परिवार के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली है। उक्त योजनांतर्गत कार्यों को संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *