राजनांदगांव : 2 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में हो रहा हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन

– हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग थीम पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम
– कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों से इस अभियान से जुडऩे की अपील की
– जिले में तिरंगे और स्वच्छता को समर्पित होगा स्वतंत्रता दिवस

राजनांदगांव। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा-2025 कार्यक्रम का आयोजन देशभर में 2 से 15 अगस्त 2025 तक किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत राजनांदगांव जिले में भी जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम का थीम ”हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” है। जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाना और स्वच्छता के प्रति जनचेतना को सशक्त बनाना। हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन तीन चरणों में होगा। प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त 2025 तक, द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त 2025 तक एवं तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त 2025 तक विभिन्न आयोजन होंगे।

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त तक विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा आर्ट से सजाया जाएगा। इस दौरान रंगोली प्रतियोगिताएं, तिरंगे के स्थानीय इतिहास पर प्रश्नोत्तरी, तिरंगा राखी निर्माण हेतु कार्यशालाएं एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर तीन रंगों के धागों से तिरंगे की बुनाई का प्रदर्शन भी होगा। विद्यालयों में तिरंगे के मूल्यों और उसकी भावना से प्रेरित पत्र लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर जनसहभागिता से तिरंगा मेला और तिरंगा कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली व्यक्तियों और खिलाडिय़ों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। तिरंगा कंसर्ट में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तिरंगा रैली, बाइक और साइकिल रैली का आयोजन भी किया जाएगा। तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त तक शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बांधों एवं पुलों पर तिरंगा फहराया जाएगा तथा रोशनी की जाएगी। इसी अवधि में स्वच्छता और जल संरक्षण से संबंधित विविध गतिविधियां भी संपन्न की जाएंगी।

See also  CG : अगस्त में और तेज बारिश होगी, सेना को अलर्ट पर रखा गया …


हर घर तिरंगा कार्यक्रम अंतर्गत सार्वजनिक संस्थाएं, स्व-सहायता समूह और सामाजिक संगठन को अभियान में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया है, जिससे अधिक से अधिक परिवार अभियान से जुड़ सकें। निजी क्षेत्र एवं कॉर्पोरेट संस्थाओं को भी उनके सीएसआर संसाधनों के माध्यम से राष्ट्रीय कार्यक्रम में योगदान देने हेतु आमंत्रित किया गया है। डिजिटल माध्यमों से प्रचार-प्रसार को व्यापक बनाया गया है। नागरिकों को www.harghartiranga.com पोर्टल पर जाकर झंडा फहराने की प्रतिज्ञा लेने और अभियान से डिजिटल रूप से जुडऩे के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों  को तिरंगा झंडे की खरीदी एवं पैम्पलेट, स्टिकर, बैनर के माध्यम से प्रचार एवं वितरण हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पोस्ट ऑफिस, स्थानीय स्तर के दुकानों को झंडा बिक्री केंद्र के रूप में चिन्हांकित किया गया है।

सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और आवासीय क्षेत्रों में तिरंगा लाइटिंग, रंगोली प्रतियोगिता, सेल्फी जोन और ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किए जा रहे हैं। भारत सरकार द्वारा प्रदत्त पोर्टल पर प्रतिदिन अभियान की प्रगति और गतिविधियों की सतत निगरानी हेतु निर्देश दिए गए है।
देश की आजादी का यह उत्सव देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर : कलेक्टर
– तिरंगा हमारी आन, बान और शान
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि 2 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत देश की आजादी का यह उत्सव हर गांव एवं शहर में मनाया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों को आह्वान किया है कि ”हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” की थीम से जुड़ते हुए हमें अपने घर में स्वच्छता को अपनाएं तथा तिरंगा लहराएं। यह अवसर हमें देश के लिए अपना बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश के वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता प्रगट करने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करने का भी है।

See also  CG : प्राकृतिक आपदा में मृतकों के वारिसों को 28 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत

तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। तिरंगा हमारे स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। देश की एकता और सौहार्द्र को मजबूत बनाने के लिए इस अभियान में सभी की सहभागिता होनी चाहिए। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से ”हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” इस अभियान में जुडऩे की अपील की है।
तिरंगे का सम्मान और स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक अवसर : जिला पंचायत सीईओ
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम सिर्फ एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि यह नागरिक कर्तव्यों की अभिव्यक्ति है।

तिरंगे का सम्मान और स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक अवसर है। जिले में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में हर घर तिरंगा अभियान को जनांदोलन के रूप में सफल बनाने का संकल्प लिया गया है, जिसमें हर घर तिरंगा लहराएगा और हर आंगन स्वच्छता का संदेश देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *