जशपुर : गाज गिरने से युवक की मौत, 9 घायल

जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, 9 लोग घायल हो गए और 8 मवेशियों की भी जान चली गई। गंभीर रूप से झुलस गए लोगों को बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सभी घटनाएं बगीचा थाना क्षेत्र में हुईं।

पहली घटना बगीचा थाना क्षेत्र के छिछली गांव की है। यहां शनिवार को सतीश राम (18 वर्ष), उसकी मां फुलेश्वरी (36 वर्ष) और 4 बहनें बसंती (11 वर्ष), सरस्वती (13 वर्ष), दुर्गावती (6 साल), देवन्तिव (9 साल) खेत में रोपा लगाने के लिए गए थे। परिवार के सभी 9 सदस्य खेत में रोपा लगा ही रहे थे कि अचानक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। वे जब तक सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते कि आकाशीय बिजली की चपेट में आकर सतीश राम की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे की मौत, मां और 4 बहनें घायल
वहीं मां फुलेश्वरी और 4 बहनें बसंती, सरस्वती, दुर्गावती और देवंतिव गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मृत युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं मां और चारों बहनों को इलाज के लिए बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।

पेड़ पर गिरी बिजली, चपेट में आकर युवक घायल, 8 मवेशियों की मौत
दूसरी घटना में बगीचा के ही ग्राम सामरबार में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर एक युवक घायल हो गया, वहीं 8 मवेशियों की मौत हो गई। घायल युवक को इलाज के लिए पंडरापाठ के उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। युवक ने बताया कि वो मवेशियों को चरा रहा था, इसी दौरान अचानक गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी। वो बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, तभी बिजली गिरी और वो उसकी चपेट में आकर घायल हो गया।

See also  CG : आठ एकड़ जमीन ने बढ़ाई भाई-बहन में दूरी, दशकों बाद रिश्तों में लौटा अपनापन …

तीसरी घटना में मां-बेटी और एक अन्य महिला घायल
वहीं तीसरी घटना भी बगीचा थाना क्षेत्र के भड़िया गांव में हुई। यहां बरामदे में मां-बेटी और एक अन्य महिला कुछ काम कर रही थी, तभी आकाशीय बिजली गिरी और इसकी चपेट में तीनों आ गईं। मां-बेटी और एक अन्य महिला को बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

बीएमओ बगीचा सुनील लकड़ा ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाएं हुई हैं, जिसमें एक ही परिवार के 6 सदस्य इसकी चपेट में आ गए। घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। फिलहाल सभी का इलाज बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *