CG : बिजली गुल होने से धोबाकछार के 15 परिवार संकट में, दो सप्ताह से अंधेरे में गुजर रही जिंदगी…

CG : बिजली गुल होने से धोबाकछार के 15 परिवार संकट में, दो सप्ताह से अंधेरे में गुजर रही जिंदगी…

सरगुजा , जिला में विकासखंड लखनपुर के ग्राम चोड़ेया के धोबाकछार मोहल्ले में आकाशीय बिजली गिरने के बाद से बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है। पिछले करीब दो सप्ताह से विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण मोहल्ले के लगभग 15 परिवार अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बंद होने से केवल रोशनी की ही नहीं, बल्कि पेयजल की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। मोटर पंप बंद होने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए कुओं और झरिया का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं रात के समय अंधेरा रहने से सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।

पूर्व सरपंच जॉन बलिहार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसकी जानकारी कई बार कुन्नी उपकेंद्र के लाइनमैन और संबंधित कर्मचारियों को दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे और स्थानीय विधायक से भी हस्तक्षेप की मांग करेंगे। ग्रामीणों ने विभाग से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन और उपकरणों की शीघ्र मरम्मत कर नियमित बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बरसात के मौसम में किसी अप्रिय घटना की आशंका से बचा जा सके।

See also  CG : 3 हजार कर्मचारियों के नियमितीकरण की राह साफ, वन विभाग ने शुरू की प्रक्रिया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *