CG : सेवा सेतु की त्वरित सेवा से विद्यार्थी का कॉलेज प्रवेश हुआ आसान…

समय पर निवास प्रमाण पत्र मिलने से नहीं रुकी पढ़ाई, परिवार ने जताया छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन का आभार

बेमेतरा । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सेवा सेतु पहल आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सरल शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में प्रभावी साबित हो रही है। बेमेतरा जिले के ग्राम संबलपुर, तहसील साजा निवासी रामचरण वर्मा के परिवार को सेवा सेतु के माध्यम से त्वरित निवास प्रमाण पत्र मिलने से उनके भतीजे का कॉलेज में प्रवेश समय पर हो सका।

कॉलेज प्रवेश की अंतिम तिथि निकट होने के कारण निवास प्रमाण पत्र की तत्काल आवश्यकता थी। ऐसे में

वर्मा ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्राप्त होने के बाद सेवा सेतु केंद्र द्वारा त्वरित सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए समय पर निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इससे विद्यार्थी का कॉलेज में प्रवेश बिना किसी परेशानी के संपन्न हो गया और उसकी पढ़ाई बाधित होने से बच गई।

रामचरण वर्मा ने बताया कि पहले ऐसे प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। लेकिन सेवा सेतु केंद्र की डिजिटल एवं पारदर्शी व्यवस्था के कारण अब प्रक्रिया काफी आसान और तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि अंतिम समय में प्रमाण पत्र मिलने से उनके भतीजे का प्रवेश समय पर हो सका, जिसके लिए उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न प्रमाण पत्रों सहित अनेक शासकीय सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह व्यवस्था शासन की सेवाओं को नागरिकों के द्वार तक पहुंचाने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा सुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

See also  जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है शिक्षा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सेवा सेतु पोर्टल अथवा अपने निकटतम सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेज समयबद्ध रूप से प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *