CG : स्मार्ट मीटर ने आम जनता का बजट बिगड़ा : कन्हैया…

CG : स्मार्ट मीटर ने आम जनता का बजट बिगड़ा : कन्हैया…

बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ 23 जुलाई को कांग्रेस का जंगी धरना

रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल एवं असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम जनता में बढ़ते भारी आक्रोश और लगातार आ रहे अत्यधिक बिजली बिलों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने स्पष्ट मांग की है कि जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें वहां से तुरंत निकाला जाए, नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए और बढ़े हुए बिजली बिलों के मामलों की निष्पक्ष जांच कर उनका त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि 23 जुलाई को राजीव गांधी चौक पर होगा एक दिवसीय धरना।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को हटाने, नई स्थापना पर रोक लगाने और बढ़े हुए बिजली बिलों से त्रस्त जनता को राहत दिलाने की मांग को लेकर 23 जुलाई, गुरुवार को कांग्रेस जनों द्वारा राजीव गांधी चौक पर एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि धरना प्रदर्शन में स्मार्ट मीटर और बिजली बिल की मार झेल रहे कांग्रेसजनों के साथ पीड़ित नागरिक भी शामिल होंगे। यह आंदोलन सोई हुई प्रदेश सरकार को कुंभकर्णी नींद से जगाने का काम करेगा।

हर घर से आ रही शिकायतें, दोगुना-तिगुना आ रहा बिल
कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि जब से प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से हर घर से लगातार शिकायतें आ रही हैं। लोगों के बिजली बिल पहले की तुलना में दोगुने और तिगुने तक बढ़ गए हैं। इसके कारण आम और मध्यमवर्गीय परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है। हर परिवार इस अघोषित आर्थिक लूट को लेकर भारी आक्रोश में है, लेकिन सरकार जनता की सुध लेने को तैयार नहीं है।

See also  डोंगरगढ़ में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर अरबों की ठगी, निवेशकों ने आरोपी के घर का किया घेराव

जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और प्रकोष्ठ अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने पीड़ित नागरिकों, उपभोक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 23 जुलाई को आयोजित इस एक दिवसीय धरने में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें। कांग्रेस पार्टी आम जनता के हक की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। पूरे प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जी के निर्देश पर स्मार्ट मीटर को वापस निकालने के लिए घर-घर जाकर कांग्रेस जनों के माध्यम से फार्म भरवाए जा रहे हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *