CG : कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर : खेत में काम कर रहे 3 किसानों की मौत…

CG : कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर : खेत में काम कर रहे 3 किसानों की मौत…

कोरबा । कोरबा जिले में मानसून की बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा छुरी गांव में खेत में काम कर रहे तीन किसानों की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम गांव के करीब 25 से 30 किसान रोज की तरह खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बावजूद किसान खेतों में डटे रहे। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में तीन किसान आ गए।

बिजली गिरते ही तीनों किसान गंभीर रूप से झुलसकर खेत में ही गिर पड़े। उन्हें बेसुध हालत में देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान बहुरंन पाटले, लक्ष्मी चंद पटेल और श्याम साहू के रूप में हुई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक साथ तीन किसानों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *