CG : छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास को मिलेगी रफ्तार, CM साय की रेल मंत्री वैष्णव के साथ अहम बैठक…

CG : छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास को मिलेगी रफ्तार, CM साय की रेल मंत्री वैष्णव के साथ अहम बैठक…

रायपुर । छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और नई रेल परियोजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात कर राज्य की प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में बस्तर सहित प्रदेश के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को रेल संपर्क से जोड़ने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। रेल मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल यातायात सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

बैठक में रावघाट–कोंडागांव–जगदलपुर रेल संपर्क परियोजना पर विशेष चर्चा हुई। रेल मंत्रालय ने बताया कि इस परियोजना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बस्तर क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण रेल लाइन के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।

इसके अलावा गढ़चिरौली–दंतेवाड़ा रेल लिंक परियोजना को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इस रेल मार्ग के बनने से छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच संपर्क मजबूत होगा और आदिवासी अंचलों के विकास को नई दिशा मिलेगी।

बैठक में डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन परियोजना पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस परियोजना को संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) मॉडल के तहत आगे बढ़ाया जाएगा, जिसमें केंद्र सरकार अपनी इक्विटी हिस्सेदारी देगी, जबकि राज्य सरकार भी आवश्यक वित्तीय योगदान सुनिश्चित करेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘स्वर्णिम छत्तीसगढ़’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि रेलवे अवसंरचना का विस्तार राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

See also  CG News: छापेमारी के बाद बड़ा फैसला, छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर लगा बैन

बैठक को छत्तीसगढ़ में रेलवे परियोजनाओं को नई गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बस्तर और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *