अंबागढ़ चौकी , शिवनाथ नदी के पावन तट पर स्थित प्राचीन बड़ा शिव मंदिर बाजार चौक में सावन मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर आयोजित धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोलेनाथ के रुद्राभिषेक, पार्थिव शिवलिंग निर्माण व श्रीराम कथा प्रवचन में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
महावीर मंदिर न्यास, बजरंग चौक अंबागढ़ चौकी के द्वारा 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चल रहे इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक तथा शाम 3 बजे से श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम सावन सोमवार होने के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना प्रारंभ हो गया था।
महिलाओं, युवाओं व बुजुर्गों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक व विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि व क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। आयोजन में चित्रकूट धाम (उत्तर प्रदेश) से आए पं. महेंद्र कृष्ण महाराज कथा व्यास से प्रतिदिन श्रीराम कथा सुना रहे हैं। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म, संस्कृति एवं मानव जीवन के मूल्यों के बारे बताया जा रहा है।
रुद्राभिषेक व पूजन सामग्री मंदिर में ही उपलब्ध कराई आयोजन समिति ने बताया कि सावन मास में भगवान शिव के पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक तथा श्रीराम कथा श्रवण का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। इसी उद्देश्य से पूरे सावन माह तक यह आयोजन निरंतर संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु धर्म लाभ प्राप्त कर सकें। समिति द्वारा रुद्राभिषेक व पूजन के लिए आवश्यक समस्त सामग्री मंदिर परिसर में ही उपलब्ध कराई जा रही है। महावीर मंदिर न्यास के संरक्षक पवन गुप्ता, शंकर खंडेलवाल, सतीश खंडेलवाल, उपाध्यक्ष खंडेलवाल मौजूद रहे।










Leave a Reply