CG : थाना दिवस में पुलिस ने सुनी आमजन की समस्याएं …

CG : थाना दिवस में पुलिस ने सुनी आमजन की समस्याएं …

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिले में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने और समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से अगस्त माह के प्रथम गुरुवार को थाना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना गातापार में आयोजित

मुख्य कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों, कोटवारों, पत्रकारों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे। पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू कराई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नवीन आपराधिक कानूनों को लेकर आम जनता को विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नए कानून लागू होने के बाद आम नागरिकों को न्याय प्रक्रिया में तेजी और अधिक पारदर्शिता का लाभ मिलेगा। पुलिस ने लोगों से कानून का पालन करने और अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। थाना दिवस कार्यक्रम के तहत जिले के अलग-अलग थानों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डांडे ने थाना गंडई और छुईखदान में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। मुख्यालय उप पुलिस अधीक्षक रमेश चंद्रा ने थाना साल्हेवारा और बकरकट्टा में उपस्थित होकर लोगों से संवाद किया। वहीं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़ आशारानी ने थाना खैरागढ़ और ओपी जालबांधा में आमजन की शिकायतों का निराकरण किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय निरीक्षक सीताराम सागर ने ठेलकाडीह और मोहगांव में पहुंचकर नागरिकों से चर्चा की।

See also  CG : त्योहारी भीड़ में ‘गले’ पर नजर, दो महिला चोर गिरफ्तार…

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशे के खिलाफ जागरूकता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। नागरिकों को बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा संदिग्ध कॉल और साइबर ठगी के प्रयासों की जानकारी चक्षु पोर्टल पर दर्ज कराने की अपील भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में डायल 112 सेवा का उपयोग करने की जानकारी दी। साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर जागरूकता और यातायात जागरूकता अभियान लगातार चलाने के निर्देश दिए गए। थाना दिवस के दौरान नागरिकों ने शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, स्कूलों के आसपास धूम्रपान और आवारा मवेशियों के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याएं पुलिस के सामने रखीं। पुलिस अधिकारियों ने सभी शिकायतों पर संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ग्रामीणों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की। वहीं महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। थाना दिवस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने साफ संदेश दिया कि जिले में शराबखोरी, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास, सहयोग और बेहतर समन्वय स्थापित करना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। केसीजी पुलिस के अनुसार थाना दिवस कार्यक्रम प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय गुरुवार को जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा। पुलिस की इस पहल को आम नागरिकों ने सराहनीय बताते हुए पुलिस और जनता के बीच संवाद बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *