पूर्व छात्रों का अपनी संस्था से जुड़ाव नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

पूर्व छात्रों का अपनी संस्था से जुड़ाव नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

पूर्व छात्रों के सहयोग से निर्मित आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना का किया लोकार्पण
गांधी मेडिकल कॉलेज के 71वें स्थापना दिवस समारोह में हुए शामिल

भोपाल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल के 71वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने गांधी मेडिकल कॉलेज में पूर्व छात्रों के सहयोग से निर्मित आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना का लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का सतत विस्तार किया जा रहा है। एमबीबीएस, पीजी और विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा की सीटों में निरंतर वृद्धि की जा रही है। प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक—तीनों स्तरों की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त किया जा रहा है और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदेश के भीतर ही उपलब्ध हों। किसी भी नागरिक को बेहतर उपचार के लिए प्रदेश से बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य अधोसंरचना और सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि वर्तमान समय में बीमारियों का बोझ बढ़ रहा है। इसलिए केवल बीमारी के उपचार तक सीमित रहने के बजाय प्रिवेंटिव हेल्थ केयर और बीमारी की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता, पोषण और जागरूकता के माध्यम से बीमारी के मूल कारणों को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन, प्राकृतिक खेती और अन्य आधारभूत सेवाओं को सशक्त करने जैसे प्रयासों से बीमारी के मूल कारणों को नियंत्रित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है।

See also  ईवी बस से जनविश्वास शिविर के लिए रवाना हुए संभागायुक्त,कलेक्टर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी

समाज और जागरूक नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि सरकार के प्रयासों को और प्रभावी बनाने में सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और जागरूक नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। दूरस्थ क्षेत्रों तक उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में जनमानस में सेवा भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना अहम है। उन्होंने गांधी मेडिकल कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन के संस्था के प्रति निरंतर लगाव और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व छात्रों का अपनी संस्था से जुड़ाव नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।

अंगदान नया जीवन देने का माध्यम, पूरा समाज होता है लाभान्वित

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से अंगदान का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है और इससे पूरे समाज को लाभ मिलता है। उन्होंने अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इस मानवीय अभियान को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि अंगदान करने वाले परिवारों के योगदान का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी है। इसी को ध्यान में रखते हुए डोनर्स को गार्ड ऑफ़ ऑनर और परिजन को स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस के अवसरों पर सम्मानित करने की पहल सरकार द्वारा की गयी है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों, चिकित्सकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गांधी मेडिकल कॉलेज के निरंतर प्रगति और उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के नए आयाम स्थापित करने की कामना की। उन्होंने जीएमसी भोपाल में मल्टीडिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड का शुभारंभ किया। साथ ही स्वच्छता जागरूकता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

See also  17 लाख जमा, 24 साल बाद भी सीवेज लाइन गायब! भोपाल नगर निगम पर NGT सख्त

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका : राज्य मंत्री पटेल

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार के पास संसाधनों की कमी नहीं है। स्वास्थ्य सेवाओं को तेज गति से सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गांधी मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान प्रदेश को उत्कृष्ट चिकित्सक और विशेषज्ञ प्रदान कर रहे हैं। चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी चिकित्सकों की है। उन्होंने चिकित्सकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों से सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कैंसर उपचार के लिए मल्टी डिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड का नवाचार

गांधी मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. कविता सिंह ने बताया कि जीएमसी द्वारा कैंसर मल्टी डिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड का नवाचार किया गया है। इसके अंतर्गत कैंसर उपचार से जुड़े विभिन्न विभागों की विशेषज्ञ टीम एक साथ बैठकर मरीज के प्रकरण पर विचार करेगी और उपचार की उपयुक्त रणनीति तय करेगी। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न विशेषज्ञों के मतों में संभावित अंतर का निराकरण होगा और मरीज के लिए समन्वित उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आवश्यक मल्टी डिसिप्लिनरी सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता से किया जाएगा। इससे मरीजों को अलग-अलग विभागों में भटकने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें शीघ्र एवं उचित उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

एलुमनाई एसोसिएशन ने कॉलेज को समर्पित किया आधुनिक फुटसल एरीना

See also  मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग ने नया तकनीकी अध्याय रचकर

गांधी मेडिकल कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गुरुदत्त तिवारी ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा लगभग 9,000 वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना गांधी मेडिकल कॉलेज को समर्पित किया गया है। इसकी अनुमानित लागत लगभग 35 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि यह खेल परिसर विद्यार्थियों में फिटनेस, टीमवर्क, अनुशासन और तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने में उपयोगी होगा। एलुमनाई एसोसिएशन ने संस्था को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये का स्थायी कॉर्पस फंड (एफडी) भी तैयार किया है, जिससे भविष्य में कॉलेज और छात्र हित के विकास कार्य निरंतर किए जा सकेंगे।

कार्यक्रम में डीन जीएमसी डॉ. कविता सिंह, अधीक्षक हमीदिया अस्पताल डॉ. सुनीत टंडन, जीएमसी एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गुरुदत्त तिवारी, सचिव डॉ. अजय मेहता, डॉ. ललित श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ चिकित्सक, पूर्व छात्र, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *