राजनांदगांव । नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में सुगम आवागमन, बेहतर जल निकासी, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति एवं नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। बारिश एवं आगामी गणेश पर्व को देखते हुए सड़कों की मरम्मत, नाली-नालों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों का सुधार तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जा रही है। नगर निगम द्वारा सुगम आवागमन एवं समुचित पानी निकासी के लिए अतिक्रमण हटाव अभियान चलाया जा रहा है। सड़क किनारे ठेला-खोमचा तथा आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। साथ ही रोड पर फैले मलबे, निर्माण सामग्री एवं कचरे को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। शहर के विभिन्न मार्गों में गड्ढों पर पेचवर्क कर सड़कों की मरम्मत की जा रही है। लोक निर्माण विभाग अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्र भी भेजा गया है। मेडिकल कॉलेज रोड, बस स्टैंड मार्ग, रिंग रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों की बंद स्ट्रीट लाइटों को चिन्हांकित कर निगम की विद्युत टीम द्वारा प्राथमिकता से सुधार कर चालू किया जा रहा है। फ्लाईओवर के नीचे बंद लाइटों का भी सुधार कराया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के दूसरी ओर सड़क निर्माण का कार्य जारी है तथा इसके साथ डिवाइडर की आवश्यक मरम्मत भी कराई जाएगी। कलेक्टर परिसर के सामने की सड़क नेशनल हाईवे की सर्विस रोड है, जिसकी मरम्मत संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है। वहीं क्षतिग्रस्त डिवाइडर लोक निर्माण विभाग की सड़क का हिस्सा होने के कारण इसकी मरम्मत भी संबंधित विभाग द्वारा की जाएगी।
बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए शहर की बड़ी नाली-नालों की नियमित सफाई कराई जा रही है। कैलाश नगर की निचली बस्ती सहित जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जल निकासी एवं साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। व्यावसायिक परिसरों की नालियों की सफाई कराई जा रही है तथा दुकानदारों को नालियों को बंद नहीं करने और पानी की निकासी के लिए नाली के पास आवश्यक स्थान खुला रखने समझाइश दी जा रही है। प्रभात नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में खाली भूमि पर मलबा, कचरा एवं झिल्ली-पन्नी डालने से उत्पन्न समस्या को देखते हुए निगम का स्वास्थ्य अमला नियमित सफाई कर रहा है। निगम के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वार्ड भ्रमण के दौरान प्रतिदिन की सफाई के साथ समय-समय पर विशेष गैंग लगाकर सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। उद्यानों में डंप कचरे को हटाकर सफाई कराई जा रही है तथा नागरिकों से खुले में कचरा नहीं डालने की अपील की जा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर क्षतिग्रस्त डस्टबिन के स्थान पर लोगों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में कचरा देने के लिए समझाइश दी जा रही है। तहसील कार्यालय मार्ग, तहसील रोड, बस स्टैंड से दूर रिक्त भूमि तथा गांधी सभागृह के आसपास अस्थायी रूप से एकत्र कचरे को टिप्पर के माध्यम से उठाकर नियमित सफाई कराई जा रही है। संबंधित क्षेत्रों में कचरा नहीं डालने के लिए लोगों को समझाइश दी जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। रानीसागर एवं चौपाटी में गंदे पानी की निकासी रोकने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
वर्षा ऋतु के आरंभ में अत्यधिक बारिश के कारण नदी में चारों ओर से पानी आने से नदी का पानी मटमैला होने के कारण इंटकवेल में परेशानी उत्पन्न हुई थी, जिसका सुधार कर लिया गया है। वर्तमान में एलम एवं क्लोरीन की पर्याप्त मात्रा का उपयोग करते हुए साफ पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। जल संयंत्र गृह के 10, 17 एवं 27 एमएलडी क्षमता वाले तीनों फिल्टर प्लांट का समुचित संचालन किया जा रहा है। पूर्व में क्लोरीन गैस रिसाव की समस्या को सुधार लिया गया है। इस संबंध में लापरवाही के लिए सप्लायर एवं प्लांट संचालक को नोटिस जारी किया गया है। प्लांट की आवश्यक मोटरें चालू स्थिति में हैं तथा खराब मोटर की मरम्मत कर उसे अतिरिक्त व्यवस्था के रूप में रखा जा रहा है। वर्तमान में एलम, ब्लीचिंग एवं क्लोरीन सहित आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। प्लांट में बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रहने से कुछ समय संचालन प्रभावित हुआ था, जिससे टंकियों में पर्याप्त जलभराव नहीं हो पाया और कुछ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई। वर्तमान में तीनों फिल्टर प्लांट से टंकियों को पर्याप्त रूप से भरकर पेयजल आपूर्ति सामान्य रूप से की जा रही है। निजी टेलीकॉम कंपनी द्वारा भूमिगत ड्रिलिंग के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पटरीपार क्षेत्र के शंकरपुर, शांति नगर, मोतीपुर एवं रामनगर में मटमैले पानी की शिकायत सामने आई है। निगम द्वारा लीकेज पाइप लाइन की जांच कर सुधार कार्य किया जा रहा है। पाइप लाइन के सुधार के लिए आवश्यक पैकिंग रबर मंगाया गया है। संबंधित कार्य एजेंसी को पाइप लाइन क्षतिग्रस्त करने के संबंध में नोटिस जारी किया जा रहा है।
सड़कों एवं चौक-चौराहों पर बैठे तथा आवारा मवेशियों के कारण यातायात बाधित होने और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए निगम द्वारा नियमित मवेशी धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। निगम की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा जा रहा है। रात्रि में भी मवेशियों को सड़कों से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। आवारा एवं पागल कुत्तों के संबंध में शिकायत मिलने पर भी निगम अमले द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है। रानीसागर में लोहे की गली रेलिंग चोरी के मामले में अज्ञात तत्वों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र लिखा जा चुका है।
शासन के निर्देशानुसार वर्तमान में पट्टा सर्वे का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम सीमा क्षेत्र के वार्डों में भी प्रशासन द्वारा पट्टा सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के उपरांत शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण की कार्रवाई की जाएगी। तालाबों के आसपास कब्जे की शिकायत मिलने पर कार्रवाई कर कब्जा हटाया जाता है। तालाब किनारे कब्जा कर मकान बनाने वाले पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत स्वयं के आवास का लाभ लेने के लिए आवश्यक समझाइश दी जा रही है। बुढ़ासागर में ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण के संबंध में ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी किया गया है तथा शासन को पुन: निविदा प्रक्रिया के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
नगर निगम द्वारा इस वर्ष बारिश के मौसम में लगभग 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में जिला अस्पताल के सामने स्थित गार्डन में भी पौधरोपण किया जाएगा। अत्यधिक गर्मी के कारण पूर्व में कुछ उद्यानों में पौधों के सूखने की स्थिति निर्मित हुई थी, जिनकी वर्तमान में निगम द्वारा देखभाल की जा रही है। नगर निगम द्वारा बारिश एवं आगामी गणेश पर्व को ध्यान में रखते हुए शहर की सड़कों, नाली-नालों, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता एवं मवेशी नियंत्रण से संबंधित कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है। नागरिकों से भी शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने, खुले में कचरा नहीं डालने तथा कचरा निर्धारित डोर-टू-डोर संग्रहण वाहन में ही देने की अपील की गई है।















Leave a Reply