मोहला : कौशल प्रशिक्षण के लिए 980 युवाओं को मिलेगा अवसर – प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजनांतर्गत विभिन्न पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रशिक्षण

cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

        मोहला ।  जिला कौशल विकास प्राधिकरण, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा जिले के युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने की पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के आरपीएल तथा मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना 2026-27 के अंतर्गत कुल 980 युवाओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है।  प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के आरपीएल अंतर्गत 660 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, असिस्टेंट मेसन, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, सोलर पीवी इंस्टॉलर (सूर्यमित्र) एवं जल वितरक संचालक जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। प्रशिक्षण अवधि पाठ्यक्रम के अनुसार 30 घंटे निर्धारित है तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं अथवा 10वीं उत्तीर्ण रखी गई है।
          इसी तरह मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना 2026-27 के अंतर्गत 320 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, असिस्टेंट मेसन, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, सोलर पीवी इंस्टॉलर, जल वितरक संचालक एवं मशरूम ग्रोवर जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों की प्रशिक्षण अवधि 300 से 570 घंटे तक निर्धारित की गई है।

– विभिन्न संस्थानों में होगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के लिए शासकीय आईटीआई अंबागढ़ चौकी, लाइवलीहुड कॉलेज मोहला एवं चौकी, लोक कल्याण सेवा समिति अंबागढ़ चौकी तथा शासकीय उद्यान रोपणी दोरबा का चयन किया गया है।
युवाओं को योजनाओं से जोड़ने के लिए ग्राम पंचायत, नगर पंचायत एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से मोबिलाइजेशन एवं काउंसलिंग अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएल के तहत संबंधित क्षेत्रों में कार्यरत राजमिस्त्रियों, निर्माण श्रमिकों, विद्युत कार्य से जुड़े श्रमिकों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों को प्रशिक्षण से जोड़ने की कार्ययोजना बनाई गई है।

See also  भिलाई स्टील प्लांट के विस्तार को मिलेगी रफ्तार! SAIL CMD ने CM साय से मांगा सहयोग

– 31 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की प्रति, पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक लाइवलीहुड कॉलेज मोहला अथवा संबंधित प्रशिक्षण प्रदाता के समक्ष आवेदन जमा किया जा सकता है। जिला कौशल विकास प्राधिकरण ने पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर इस निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *