CG : चलती टाटा सफारी में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा …

CG : चलती टाटा सफारी में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा …

बिलासपुर: बिलासपुर में मंगलवार रात चलती कार में अचानक आग लग गई। इंजन से धुआं उठता देख ड्राइवर ने तुरंत कार रोक दी। इसके बाद कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही देर में कार धू-धूकर जलने लगी। घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई। राहत की बात है कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। महाराणा प्रताप चौक के पास रिंग रोड पर टाटा सफारी क्रमांक CG 10 NC 4599 में युवक और अन्य लोग किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। खतरा भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। समय रहते वाहन खाली कराए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सफारी रिंग रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया। इसके बाद वाहन में सवार सभी लोग तत्काल बाहर निकल आए। कार में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ युवकों ने पास से रेत लाकर जलते वाहन पर डालना शुरू किया। इस दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।

दमकल और पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद रेत डालकर आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद गाड़ी को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद रिंग रोड पर यातायात सामान्य हो सका। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को आशंका है कि बारिश की वजह से इंजन के वायरिंग में शार्ट सर्किट के चलते आग लगी होगी। वहीं, वाहन में तकनीकी खराबी की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

See also  बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मिलेगी कार वॉशिंग की सुविधा, यात्रियों को होगी बड़ी सहूलियत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *