राजनांदगांव : दिव्यांगता को पीछे छोड़ योगासन में हुनर दिखाएंगे ‘आस्था’ के नौनिहाल…

राजनांदगांव , योगासन के जरिए अपनी क्षमता और आत्म विश्वास को नई पहचान देने आस्था मूक-बधिर शाला के दिव्यांग नौनिहाल अब राज्य स्तरीय मंच पर प्रतिभा दिखाने तैयार हैं। छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से 22 और 23 अगस्त को रायगढ़ के अग्रोहा धाम में द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स ओपन चैम्पियनशिप-2026 आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेशभर के दिव्यांग प्रतिभागी अपने योगासन कौशल का प्रदर्शन करेंगे। राजनांदगांव के बच्चे भी प्रतियोगिता में उत्साह के साथ हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को योगासन के विभिन्न आसनों का नियमित और गहन अभ्यास कराया जा रहा है। बच्चे आसनों की बारीकियां समझने के साथ शरीर का संतुलन, एकाग्रता, श्वास-प्रश्वास एवं प्रस्तुति पर मेहनत कर रहे हैं। योगासन की तकनीक और सही मुद्रा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शरीर का संतुलन और एकाग्रता, श्वास-प्रश्वास का अभ्यास, अनुशासन और प्रस्तुति कौशल, आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर पूरी टीम द्वारा दिया जा रहा है। मुख्य कोच किशोर महेश्वरी, सहायक प्रशिक्षक प्रेम साहू, श्रुति ताम्रकार, गौरव, प्राचार्य ज्योति वैष्णव, संघ अध्यक्ष हेमंत तिवारी, सचिव लक्ष्मण लोहिया सहित टीम अहम भूमिका निभा रही है।

प्रशिक्षकों की टीम करा रही नियमित अभ्यास प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल पदक हासिल करना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। मुख्य कोच किशोर महेश्वरी के मार्गदर्शन में बच्चों को योगासन की तकनीक और प्रस्तुति की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सहायक प्रशिक्षक प्रेम साहू और श्रुति ताम्रकार भी नियमित अभ्यास करा रहे हैं। शाला के स्टाफ सदस्य गौरव तैयारी में सहयोग कर रहे हैं।

See also  CG : श्रम विभाग के फ्रंटलाइन वर्कर्स में विकसित हो रही कर्मयोगी भावना

अवसर मिले तो दिव्यांग बच्चे रच सकते हैं इतिहास यह तैयारी यह संदेश देती है कि दिव्यांगता प्रतिभा और सपनों की राह में बाधा नहीं है। प्रशिक्षण, अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर दिव्यांग बच्चे खेल और योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। पैरा योगासन जैसी प्रतियोगिताएं उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का मंच भी देती हैं। योग से क्षमता, अभ्यास से आत्मविश्वास और अवसर से सफलता यही इन नौनिहालों की उड़ान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *