खंडवा के डायल-112 हीरोज रात में घर की राह भटके दो मासूमों को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

भोपाल

खंडवा जिले के थाना पंधाना क्षेत्र में डायल-112 जवानों की संवेदनशीलता एवं तत्पर कार्यवाही से रात के समय घर की राह भटक गए 08 एवं 06 वर्षीय दो बालकों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया। समय पर की गई सहायता से दोनों बच्चे सकुशल अपने परिवार तक पहुँच सके।

19 अगस्त को रात्रि में राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना पंधाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिराला में दो बच्चे मिले हैं, जो घर का रास्ता भटक गए हैं। पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही पंधाना थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक  धर्मेंद्र एवं पायलट  बबलू ने मौके पर पहुँचकर दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत कर जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि वे लिंगी फाटा गाँव के रहने वाले हैं और रास्ता भटक गए हैं।

डायल-112 जवान दोनों बच्चों को लेकर लिंगी फाटा गाँव पहुँचे और आसपास परिजनों की तलाश एवं पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बच्चों के परिजन मिले। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन उपरांत दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया।

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे खेलते-खेलते घर से दूर निकल गए थे और रास्ता भटक गए थे। बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा एवं पुलिस जवानों की तत्परता तथा संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

डायल-112 हीरोज श्रृंखला की यह घटना दर्शाती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन सहायता ही नहीं, बल्कि बच्चों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए मानवीय संवेदनाओं के साथ हर परिस्थिति में सहायता पहुँचाने का कार्य भी निरंतर कर रही है।

See also  मध्यप्रदेश में तेजी से हो रहा है नई औद्योगिक इकाइयों से युवाओं को रोजगार देने का कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *