CG : आपदा प्रबंधन के तहत बचाव राहत हेतु नगर सैनिकों ने किया ‘मॉक एक्सरसाइज’…

CG : आपदा प्रबंधन के तहत बचाव राहत हेतु नगर सैनिकों ने किया ‘मॉक एक्सरसाइज’…

उत्तर बस्तर कांकेर । राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गृह मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आज सुबह सिंगारभाट के जिला सेनानी कार्यालय परिसर में बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को तत्काल रेस्क्यू करते हुए उनकी जान बचाने का मॉक एक्सरसाइज किया गया। साथ ही बाढ़ की चपेट में आए मवेशियों को बचाने तथा प्रशिक्षित नगर सैनिकों ने पानी में डूबते हुए ग्रामीण को बचाने व दूसरे छोर पर फंसे लोगों की जान बचाने का मॉक एक्सरसाइज किया।

जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सिंगारभाट के जिला सेनानी कार्यालय परिसर में आज सुबह नगर सैनिकों ने आपातकालीन स्थिति मंे किए जाने वाले आपदा प्रबंधन और बचाव कार्य का मॉक एक्सरसाइज (छद्म अभ्यास) किया। भारत सरकार राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्षा ऋतु के दौरान प्राकृतिक आपदा एवं बाढ़ से प्रभावित लोगों को बचाने व राहत दिलाने के लिए उक्त मॉक ड्रिल संबंधित विभागों के परस्पर समन्वय से किया गया।

इस दौरान नगर सैनिक के जवानों ने बचाव कार्य के लिए क्रमशः बोट को प्रभावित क्षेत्र में लेकर जाना, उसमें सभी प्रकार के आवश्यक उपकरण रखना, फिर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन कराते हुए पीड़ित ग्रामीणों को लाइफ जैकेट पहनाकर सुरक्षित ढंग से लाने का प्रदर्शन किया। इसके अलावा मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ में फंसे मवेशियों को सुरक्षित ढंग से बाहर निकालने का भी प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात बाढ़ में जलभराव के चलते भवन में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर सीढ़ी के माध्यम से बाहर लाने का लाइव प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रभावित लोगों का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण मेडिकल टीम द्वारा किया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें एम्बुलेंस के जरिए समीप के स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाने का प्रदर्शन किया गया।

See also  उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निधि का सदुपयोग कर शहरी आबादी को समुचित लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश

इसके उपरांत नंदनमारा पुल के समीप रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान यातायात पुलिस द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का मार्ग डायवर्ट करने और राहत प्रबंधन का प्रदर्शन नगर सैनिकों के द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, जिला सेनानी, जल संसाधन, वन, रेडक्रॉस सोसायटी के वॉलिंटियर्स सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बचाव कार्य में इन उपकरणों का किया गया प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान नगर सैनिकों के द्वारा बाढ़ प्रबंधन एवं बचाव कार्य में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों एवं उनकी उपयोगिता का भी प्रदर्शन किया गया। इनमें एल्युमिनियम बोट, ओबीएम, एचडीपीई लाइफ बोट, लाइफ जैकेट, सर्चिंग लाइट, मनीला रोप, नायलोन रोप, रबर दस्ताने, कटिंग प्लायर, तारपोलिन शीट, चप्पू, लोहा कांटा, कंबल, फर्स्ट एड बॉक्स, ओबीएम स्टैण्ड, लाइफ बोट ट्रॉली तथा माइक इत्यादि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *