राजनांदगांव l राजनांदगांव लोगों को रसोई गैस के लिए सिलेंडर की जरूरत नहीं पड़ेगी। छत्तीसगढ़ शहरी गैस नीति के तहत शहर में पाइप लाइन के जरिए प्राकृतिक गैस (पीएनजी) पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पहल पर सिटी गैस परियोजना को शहर में लागू करने की कवायद तेज हुई है।
महापौर मधुसूदन यादव ने निगम, खाद्य विभाग और गैस एजेंसी के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक लेकर परियोजना की कार्ययोजना और तैयारियों की जानकारी ली। महापौर यादव ने कहा कि पाइपलाइन से सीधे घरों तक गैस पहुंचने से उपभोक्ताओं को सिलेंडर रखने और बुकिंग कराने की परेशानी से राहत मिलेगी।
गैस की खपत अनुसार भुगतान किया करेंगे। खाद्य विभाग और एजेंसी के अधिकारियों से योजना के क्रियान्वयन की जानकारी लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। खाद्य अधिकारी रविंद्र सोनी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 15 एलपीजी गैस एजेंसियां और करीब ढाई लाख उपभोक्ता हैं। सिटी गैस नेटवर्क विकसित होने से उपभोक्ता रसोई गैस वैकल्पिक सिस्टम से जुड़ेंगे। दैनिक भास्कर ने इस बड़े प्रोजेक्ट की खबर सबसे पहले पाठकों तक पहुंचाई थी।
परियोजना उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी है: आयुक्त शुरुआती चरण में अंबेडकर चौक, बसंतपुर चौक, गोकुल नगर, आरके नगर सहित आसपास के क्षेत्रों को पाइपलाइन नेटवर्क में शामिल करने की तैयारी है। पहले विकसित कॉलोनियों में नेटवर्क विस्तार होगा, जबकि पुराने शहर और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बाद में नेटवर्क बढ़ाया जाएगा। नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने कहा कि परियोजना उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी है। निगम क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए नियमानुसार जल्द अनुमति देने की प्रक्रिया की जाएगी।















Leave a Reply