CG : ऑपरेशन प्रहार में बिल्हा पुलिस की कार्रवाई, 2 शराब कोचिए गिरफ्तार …

CG : ऑपरेशन प्रहार में बिल्हा पुलिस की कार्रवाई, 2 शराब कोचिए गिरफ्तार …

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मोटरसाइकिल से अवैध शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 50 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई है। इसके साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी निर्देश के तहत जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना प्रभारी द्वारा थाना स्तर पर सिविल टीम गठित की गई है। पुलिस टीम ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर अवैध शराब की बिक्री और परिवहन से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

इसी क्रम में 23 अगस्त 2026 को बिल्हा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति दगौरी शराब भट्ठी से बड़ी मात्रा में शराब खरीदकर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AD 5263 से बिल्हा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिल्हा ने पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने उडगन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की और मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की मोटरसाइकिल को रोक लिया। बाइक पर सवार दोनों लोगों से पूछताछ की गई। मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम देवकुमार निर्मलकर पिता रामहू निर्मलकर उम्र 38 वर्ष, निवासी मंगला थाना बिल्हा बताया। वहीं पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान शनि पटेल पिता शत्रुहन पटेल उम्र 32 वर्ष, निवासी मंगला थाना बिल्हा के रूप में हुई।

See also  राजनांदगांव : आज भी राखियां पोस्ट करने खुले रहेंगे डाकघर…

पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से 20 पाव देशी प्लेन शराब मिली। वहीं शनि पटेल के पास मौजूद सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी की जांच करने पर उसमें 30 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। इस तरह पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 50 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कुल मात्रा करीब 9 लीटर है, जब्त की। बरामद शराब की कीमत करीब 4 हजार 200 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही शराब के परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AD 5263 को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 433/2026 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। बिल्हा पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक सुमन चंद्रवंशी की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *