CG : थाने में वाटर कूलर छूते ही युवक की गई जान, बचाने पहुंचा पुलिसकर्मी भी आया करंट की चपेट में ….

CG : थाने में वाटर कूलर छूते ही युवक की गई जान, बचाने पहुंचा पुलिसकर्मी भी आया करंट की चपेट में ….

रायपुर: राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। थाने के बाहर लगे वाटर कूलर को छूते ही एक युवक करंट की चपेट में आ गया। तेज विद्युत प्रवाह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक को बचाने पहुंचे पुलिस आरक्षक भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। घायल आरक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रमेश ठाकुर (32) निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पानी पीने पहुंचा। जैसे ही उसने वाटर कूलर को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा।

रमेश को करंट लगा देखकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी उसकी मदद के लिए दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए और झुलस गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। रमेश को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घायल आरक्षक गणेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद थाना परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस और विद्युत विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं सीएसईबी के अधिकारी और कर्मचारी भी थाना परिसर पहुंचे और वाटर कूलर समेत पूरे विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की। प्राथमिक तौर पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह बाहर तक कैसे पहुंचा।

See also  महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक संबल की ताकत, बचत से खरीदी सिलाई मशीन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *