दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग चार स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार धारदार लोहे के हथियार बरामद किए गए हैं। चारों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर आयुध अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दुर्ग पुलिस के मुताबिक 1 सितंबर 2026 को
सुपेला थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से सार्वजनिक स्थानों पर युवकों द्वारा धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचनाएं मिली थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों को तत्काल संबंधित स्थानों पर रवाना किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर झाड़ियों में फेंका हथियार पहली कार्रवाई भिलाई नगर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर गोठान के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक युवक धारदार लोहे का हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों में भय पैदा कर रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस को देखकर अपने पास रखा हथियार झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने युवक को पकड़ने के साथ झाड़ियों से हथियार भी बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान नवीन निषाद उम्र 23 वर्ष निवासी मराठी मोहल्ला कोसानगर सुपेला के रूप में हुई।
न्यू कृष्णा नगर में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार दूसरी कार्रवाई न्यू कृष्णा नगर स्थित चन्द्राकर दुकान के पास की गई। यहां पुलिस को एक व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान गोलु जांगडे उम्र 32 वर्ष निवासी न्यू कृष्णा नगर सुपेला के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का हथियार जब्त किया।
लक्ष्मी मार्केट के पास भी कार्रवाई तीसरे मामले में पुलिस को लक्ष्मी मार्केट स्थित चिकन दुकान के पास सड़क पर एक युवक द्वारा हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवक की पहचान राजकुमार देशलहरे उम्र 19 वर्ष निवासी श्याम चौक न्यू कृष्णा नगर सुपेला के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से भी एक धारदार लोहे का हथियार बरामद किया गया।
दशहरा मैदान में हथियार लेकर घूम रहा था आरोपी चौथी कार्रवाई संजय नगर दशहरा मैदान क्षेत्र में हुई। यहां भी एक युवक के हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी भोजराज रात्रे उम्र 25 वर्ष निवासी न्यू कृष्णा नगर श्याम चौक सुपेला को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार लोहे का हथियार जब्त किया। चार अलग-अलग अपराध दर्ज पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। अपराध क्रमांक 1281/2026 से 1284/2026 तक दर्ज कर आयुध अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा सार्वजनिक और व्यस्त आवागमन वाले स्थानों पर धारदार हथियार लेकर राहगीरों को भयभीत करने का प्रयास किया जा रहा था। समय रहते सूचना मिलने और पुलिस टीमों की त्वरित कार्रवाई से चारों को पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला एस.एन. सिंह, सहायक उप निरीक्षक पुरन साहु, अजय यांकर, अविनाशी, राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, प्रहलाद सिरमौर, आरक्षक गंभीर जाट, सुरेन्द्र पटेल, मिथलेश साहु, प्रदीप सिंह एवं निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति को धारदार हथियार लेकर भय पैदा करते या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि में शामिल देखते हैं तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












Leave a Reply