उत्तराखंड के हल्द्वानी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव ग्रामीण व शहर के द्वारा प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के सचिव व वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु लोधी कांग्रेसजनों के साथ शामिल हुए।
विष्णु ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष व वरिष्ठ दलित नेता मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी सभा के बाद कथित रूप से किए गए शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी ने सवाल उठाया था और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। सवाल किया कि जिस घटना की निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग राहुल गांधी कर रहे थे, उसी मामले में उनके खिलाफ एफआईआर क्यों दर्ज की गई? लोधी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई विपक्ष की आवाज दबाने और मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास है।
कुरीतियों को बढ़ावा देना संविधान की भावना के खिलाफ: कांग्रेस धार्मिक आस्था का विरोध नहीं करती, लेकिन जाति के आधार पर किसी व्यक्ति का अपमान या छुआछूत जैसी कुरीतियों को बढ़ावा देना संविधान की भावना के खिलाफ है। लोधी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष के द्वारा सरकार से सवाल पूछना उसका संवैधानिक अधिकार है। सवाल उठाने पर एफआईआर दर्ज कर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी।













Leave a Reply