CG : सूने मकान का ताला तोड़कर सोना-चांदी चोरी, 2 नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार …

CG : सूने मकान का ताला तोड़कर सोना-चांदी चोरी, 2 नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार …

जांजगीर-चांपा। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोटिया में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और एक हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कोटिया निवासी राहुल कुर्रे ने नवागढ़ थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह पिछले करीब पांच महीने से अपने परिवार के साथ आसनसोल पश्चिम बंगाल में रह रहा था। इस दौरान कोटिया स्थित उसका मकान बंद था और घर के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। शिकायत के अनुसार 28 जुलाई 2026 को परिवार के बाहर रहने के दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 12 हजार 500 रुपए नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद राहुल कुर्रे ने नवागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में पता लगाया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को ग्राम कोटिया निवासी आकाश कुर्रे की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आकाश कुर्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूने मकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की गई और पुलिस ने रूपेश कुमार कुर्रे के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा।

See also  राजनांदगांव : 52.91 लाख की गड़बड़ी, सहायक संचालक सस्पेंड…

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का मंगलसूत्र, सोने की मंचली माला, सोने की दो नथ/फुली, एक जोड़ी सोने के झुमके, चांदी की एक पायल, चांदी की तीन बिछिया, चाबी का छल्ला और एक हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुर्रे पिता भूरे लाल कुर्रे उम्र 19 वर्ष और रूपेश कुमार कुर्रे पिता मुरूथू उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों ग्राम कोटिया थाना नवागढ़ क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आकाश कुर्रे के खिलाफ पूर्व में भी नवागढ़ थाने में चोरी का मामला दर्ज है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं प्रकरण में पकड़े गए दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी मणिकांत पाण्डेय और सहायक उप निरीक्षक लम्बोदर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *