राजनांदगांव | पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ के नवम पीठाधीश्वर संत डॉ. युधिष्ठिर लाल शदाणी की प्रेरणा से शदाणी सेवा मंडल एवं पूज्य सिंधी पंचायत राजनांदगांव द्वारा 3 से 9 सितंबर तक श्रीमद्भागवत पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। पुष्पांजलि पैलेस, लालबाग में प्रतिदिन शाम 6 से रात 9 बजे तक लखनऊ के प्रख्यात कथा वाचक पंडित ऋषिराज त्रिपाठी कथा का वाचन करेंगे। कथा के शुभारंभ अवसर पर 3 सितंबर को शाम 4.30 बजे झंडा साहेब से पुष्पांजलि पैलेस तक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें संत डॉ. युधिष्ठिर लाल शदाणी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की तैयारी है।
पंडित ऋषिराज त्रिपाठी पिछले 28 वर्षों से देश-विदेश में भागवत कथा के माध्यम से सनातन ज्ञान एवं आध्यात्मिक संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। कथा में अमरावती, नागपुर, भोपाल, होशंगाबाद, इटारसी, रायपुर, दुर्ग, भिलाई, सतना और जलगांव सहित विभिन्न शहरों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर शदाणी युवा मंडल, महिला मंडल एवं बाल मंडल के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। शदाणी सेवा मंडल के राजा माखीजा, महेश मोटलानी एवं अखिल अंदानी ने सर्व समाज, सामाजिक संस्थाओं एवं भागवत प्रेमियों से सपरिवार कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है।
















Leave a Reply