CG : दंतेवाड़ा में आवास योजना को लेकर प्रशासन का बड़ा कदम …

CG : दंतेवाड़ा में आवास योजना को लेकर प्रशासन का बड़ा कदम …

दंतेवाड़ा। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे पड़े मकानों को पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर अब गांवों में शाम के समय विशेष ‘आवास जनचौपाल’ आयोजित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य उन हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान करना है, जिनके आवास निर्माण किसी कारणवश अधूरे रह गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग दिनभर मजदूरी और खेती-किसानी के कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण वे सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते। इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने शाम के समय चौपाल लगाने का निर्णय लिया है, ताकि ग्रामीण अपनी आजीविका प्रभावित किए बिना अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकें।

आवास जनचौपाल में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। अधिकारी मौके पर पहुंचकर अधूरे निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेंगे और हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे। निर्माण की किस्त, दस्तावेज, तकनीकी परेशानी या अन्य कारणों से रुके आवासों को पूरा कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। ग्राम पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी पात्र हितग्राहियों को चौपाल में शामिल करें, ताकि किसी भी परिवार को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। जिला प्रशासन की इस पहल से उम्मीद है कि लंबे समय से अधूरे पड़े आवासों के निर्माण में तेजी आएगी और जरूरतमंद परिवारों को जल्द ही सुरक्षित एवं पक्के मकान की सुविधा मिल सकेगी।

See also  CG : निष्कासित पूर्व महामंत्री पर एक और FIR दर्ज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *