राजनांदगांव : श्रमिक मां के बेटे के सपनों को मिली नई उड़ान – योजना से नि:शुल्क आवासीय शिक्षा का मिला अवसर

– अटल उत्कृष्ट शिक्षा सहायता योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव
राजनांदगांव । लिलेश्वरी सिन्हा का सपना था कि उनका बेटा भी बड़े स्कूल में पढ़े, अंग्रेजी बोले, कम्प्यूटर सीखे और अपने सपनों को पूरा करे। लेकिन मजदूरी की कमाई में निजी स्कूल की फीस और हॉस्टल का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं था। आज शासन की योजना से उनके बेटे को यह अवसर मिला है। अब उन्हें उसकी पढ़ाई की चिंता नहीं है। यह कहना है राजनांदगांव शहर के ममता नगर वार्ड क्रमांक 18 की निवासी एवं निर्माणी श्रमिक लिलेश्वरी सिन्हा का।


लिलेश्वरी सिन्हा ठेकेदार के अधीन मजदूरी का कार्य करती हैं। सीमित आय के बावजूद उन्होंने अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का सपना संजोया था। लिलेश्वरी सिन्हा के बेटे पिवेद सिन्हा ने कक्षा 5वीं की परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की। इसी दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से उन्हें छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत अटल उत्कृष्ट शिक्षा सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने श्रम विभाग के पोर्टल के माध्यम से अपने बेटे के लिए आवेदन किया। कक्षा 5वीं की प्रावीण्य सूची के आधार पर पिवेद सिन्हा का चयन संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल, राजनांदगांव में हुआ। वर्तमान में वह कक्षा 6वीं में अध्ययनरत है और योजना के तहत कक्षा 6वीं से 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा प्राप्त करेगा। इस योजना के अंतर्गत विद्यार्थी की स्कूल की वार्षिक एवं ट्यूशन फीस, छात्रावास में रहने का खर्च, पौष्टिक भोजन, गणवेश, खेल-कूद तथा किताब-कॉपी सहित आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं का खर्च मंडल द्वारा वहन किया जा रहा है। इससे श्रमिक परिवार पर शिक्षा का आर्थिक बोझ नहीं पड़ा है।

See also  भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण में तेजी लाने उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री के कड़े निर्देश


लिलेश्वरी सिन्हा बताती हैं कि पहले उन्हें चिंता रहती थी कि सीमित आमदनी में बेटे की अच्छी शिक्षा और हॉस्टल का खर्च कैसे उठाएंगी। योजना का लाभ मिलने के बाद उनकी यह चिंता दूर हो गई है। अब उनका बेटा बेहतर शैक्षणिक वातावरण में पढ़ाई कर रहा है और अपने भविष्य के सपनों को नई दिशा दे रहा है। लिलेश्वरी सिन्हा इस योजना के लिए श्रम विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि उन्हें समय पर योजना की जानकारी मिलने से उनके बेटे के लिए बेहतर शिक्षा का रास्ता खुला। उन्होंने श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए ऐसी योजनाएं संचालित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति भी आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा की यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए लिलेश्वरी सिन्हा कहती हैं कि सरकार की योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो उनके बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलती है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *