राजनांदगांव : मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से सुमीत वर्मा ने हासिल किया रोजगार…

सोलर टेक्नीशियन के रूप में प्रतिमाह 21 हजार रूपए की हो रही आय

राजनांदगांव । मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना युवाओं को उनकी रूचि एवं रोजगार की आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही है। योजना के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर अनेक युवा अपने हुनर को रोजगार से जोड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सलौनी निवासी युवा सुमीत वर्मा ने भी सोलर टेक्नीशियन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार की नई राह बनाई है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें बेंगलुरू की टीवीएस कंपनी में रोजगार मिला है, जहां वे प्रतिमाह 21 हजार रूपए की आय अर्जित कर रहे हैं।

सुमीत वर्मा ने कक्षा 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद ऐसा कौशल सीखने का प्रयास किया, जिससे उन्हें बेहतर रोजगार का अवसर मिल सके। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना की जानकारी मिली। उन्होंने योजना अंतर्गत लाइवलीहुड कॉलेज राजनांदगांव में संचालित सोलर टेक्नीशियन प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली और रोजगार के अवसर को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में प्रवेश लिया। उन्होंने पूरी लगन एवं मेहनत से 348 घंटे का सोलर टेक्नीशियन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया तथा प्रशिक्षण उपरांत परीक्षा में भी शामिल हुए।

सुमीत वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सोलर तकनीक से संबंधित आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। प्रशिक्षण ने उनके कौशल को निखारने के साथ ही रोजगार के प्रति आत्मविश्वास भी बढ़ाया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद बेंगलुरू स्थित टीवीएस कंपनी में प्रतिमाह 21 हजार रूपए की आय पर रोजगार प्राप्त हुआ। आज वे अपने हुनर और मेहनत के बल पर रोजगार हासिल कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सुमीत वर्मा ने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत सोलर टेक्नीशियन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार का अवसर मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

See also  सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने मिशन मोड में करें काम : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *