राजनांदगांव : प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से शंभू निषाद बने आत्मनिर्भर…

राजनांदगांव : प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से शंभू निषाद बने आत्मनिर्भर…

तालाब बना तरक्की का आधार

राजनांदगांव । मेहनत, सही मार्गदर्शन और शासकीय योजना का साथ मिले तो उपलब्ध संसाधन भी आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन सकते हैं। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सांकरा निवासी शंभू निषाद ने इसे अपनी सफलता से साबित किया है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का लाभ लेकर उन्होंने तालाब एवं संवर्धन पोखर का निर्माण कराया और मत्स्य पालन को आय का प्रभावी साधन बनाया। आज मत्स्य पालन से उन्हें हर वर्ष लगभग 2 लाख रूपए की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है।

74 हजार 400 रूपए की सहायता से शुरू किया व्यवस्थित मत्स्य पालन –

शंभू निषाद पहले से ही पारंपरिक रूप से मछली पालन के साथ कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों से जुड़े हुए थे। मत्स्य पालन को व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से करने के उद्देश्य से उन्होंने मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। विभागीय मार्गदर्शन के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत 0.31 हेक्टेयर क्षेत्र में तालाब एवं संवर्धन पोखर का निर्माण कराया। योजना के तहत उन्हें 74 हजार 400 रूपए का अनुदान प्राप्त हुआ। इसके बाद उन्होंने विभागीय तकनीकी मार्गदर्शन के अनुसार तालाब में मत्स्य बीज का संचयन किया और आधुनिक एवं वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन शुरू किया। मेहनत और बेहतर प्रबंधन का परिणाम यह रहा कि वर्तमान में वे प्रतिवर्ष लगभग 2 हजार से 2 हजार 500 किलोग्राम मछली का उत्पादन कर रहे हैं।

2 लाख रूपए की शुद्ध आमदनी –

शंभू निषाद बताते हैं कि वर्ष 2024-25 में मत्स्य उत्पादन पर उन्हें करीब 2 लाख रूपए की शुद्ध आय प्राप्त हुई। मत्स्य पालन से हुई अतिरिक्त आमदनी ने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। वे अब मत्स्य पालन के साथ कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों को भी आगे बढ़ा रहे हैं।

See also  CG : अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने किया वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान…

बच्चों की तकनीकी शिक्षा में भी बनी आय सहायक –

मत्स्य पालन से बढ़ी आमदनी का लाभ परिवार के भविष्य पर भी दिखाई दे रहा है। अतिरिक्त आय से उनके बच्चों की तकनीकी महाविद्यालय में उच्च शिक्षा में मदद मिल रही है। शंभू निषाद के लिए योजना से मिला सहयोग आज परिवार की आर्थिक मजबूती और बच्चों के बेहतर भविष्य का माध्यम बन गया है। शंभू निषाद ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से तालाब एवं संवर्धन पोखर निर्माण के लिए मिली सहायता और विभागीय मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *