राजनांदगांव : प्रशासन की कार्रवाई दूसरी बार अतिक्रमण कर बनाए गए मार्ग को जेसीबी से खोदा गया…

राजनांदगांव : प्रशासन की कार्रवाई दूसरी बार अतिक्रमण कर बनाए गए मार्ग को जेसीबी से खोदा गया...

सरकारी पहाड़ी भूमि और नाले पर बनाए गए अवैध मार्ग को किया बंद

राजनांदगांव, । कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर मनगटा वन चेतना केंद्र से लगे ग्राम झुराडबरी में शासकीय पहाड़ी भूमि एवं नाले पर अवैध रूप से बनाए गए मार्ग के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी और भारी मशीनरी की सहायता से दोबारा बनाए गए अवैध कच्चे मार्ग को जगह-जगह गहरी खुदाई कर बंद कर दिया गया।

प्रशासन की कार्रवाई के तहत सड़क के बीच विभिन्न स्थानों पर गहरी खुदाई की गई, जिससे इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर दोबारा अतिक्रमण कर मार्ग बनाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

13.354 हेक्टेयर शासकीय भूमि

जानकारी के अनुसार शासकीय भूमि खसरा नंबर 672 पहाड़/चट्टान मद में दर्ज है, जिसका कुल रकबा 13.354 हेक्टेयर है। इसके साथ ही खसरा नंबर 563/1, 563/2 एवं 563/3 के सामने स्थित शासकीय नाले पर दोबारा कच्चा मार्ग तैयार किया गया था।

इससे पहले भी प्रशासन द्वारा कार्रवाई कर इस मार्ग को बंद किया गया था, लेकिन दोबारा अवैध रूप से रास्ता बना दिया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने जेसीबी की सहायता से उक्त अवैध मार्ग की जगह-जगह गहरी खुदाई कर उसे आवागमन के लिए अवरुद्ध कर दिया।

वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक

कार्रवाई के बाद झुराडबरी क्षेत्र में शासकीय भूमि और नाले से होकर बनाए गए अवैध मार्ग से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। प्रशासन ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

See also   CG : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘हर घर जल’ संकल्प से बदली डांडजमड़ी की तस्वीर, सभी 90 घरों तक पहुंचा नल से शुद्ध पेयजल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *