राजनांदगांव । जिले में अभी भी मवेशियों को हटाने में विशेष रुचि नहीं दिखाई जा रही है। शहर की सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने की व्यवस्था अब तक प्रभावी नहीं हो पाई है। सड़क पर बैठे और घूमते मवेशियों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। पारीनाला के पास एक बार फिर दो गायों की मौत होने से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़कों पर मवेशियों के होने के कारण लगातार मौत की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। फिर भी संबंधित विभाग के अधिकारी मवेशियों को सड़कों से हटाने और मवेशी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने में विशेष रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
राजनांदगांव जिला मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर बैठे नजर आते हैं। रात के समय इन मवेशियों के कारण वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। अचानक सड़क पर आ जाने वाले मवेशियों से टक्कर होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। बार-बार हादसों के बावजूद सड़कों से मवेशियों को हटाने और उनके लिए सुरक्षित व्यवस्था करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
नागरिकों ने संबंधित विभाग से भी अभियान चलाकर सड़कों को मवेशियों से मुक्त कराने की मांग की है। लंबे समय से मांग किए जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी भी बढ़ रही है। समय-समय पर नगर निगम द्वारा भी मवेशियों को हटाने के लिए अभियान चलाया जाता है, उसमें भी काम ही मवेशी हटाए जा रहे हैं। यही कारण है कि राजनांदगांव जिला मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर मवेशी नजर आ रहे हैं।
शहर के गंज चौक से लेकर नया बस स्टैंड चौक, गुरु नानक चौक, महावीर चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, पुराना बस स्टैंड चौक, राम दरबार मंदिर चौक सहित बाजार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जय स्तंभ चौक, गोल बाजार चौक तथा बाजार के अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ गंज चौक, नंदई चौक, बसंतपुर मार्ग आदि स्थानों पर मवेशी ही मवेशी नजर आ रहे हैं।













Leave a Reply