CG : जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आयशा खान को मिला सम्मान, गौरव और उत्साह से खिल उठा चेहरा …

CG : जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आयशा खान को मिला सम्मान, गौरव और उत्साह से खिल उठा चेहरा …

‘आंगन मिलन सेवा’ और राष्ट्रीय पोषण माह के समन्वय से वार्ड क्रमांक 16 में सुपोषण को मिला नया संबल

बालोद । राज्य शासन के मंशानुरूप जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ और राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग की ‘आंगन मिलन सेवा’ जमीनी स्तर पर सेवा दे रहीं कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनसामान्य में सुपोषण के प्रति चेतना जगाने का सशक्त जरिया बन रही है। इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के साथ-साथ समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान को मंच पर सराहने से मैदानी अमले में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। वार्ड क्रमांक 16 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता आयशा खान इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं।

सुपोषण की अलख जगाने में जुटीं कार्यकर्ता, केंद्र में उमड़े हितग्राही

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आयशा खान ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत केंद्र में पोषक वातावरण का निर्माण किया गया। इस दौरान केंद्र से जुड़े सभी हितग्राही, गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, शिशुवती माताएं तथा 06 माह से 03 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पालक बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन को व्यापक सामाजिक सहभागिता मिली।

स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण परामर्श से संवर रही सेहत

शिविर में उपस्थित सभी माताओं और नौनिहालों का विधिवत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य एवं पोषण विशेषज्ञों द्वारा माताओं को संतुलित खान-पान, पौष्टिक भोजन, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी पत्तेदार सब्जियों तथा बच्चों के उचित लालन-पालन व वृद्धि निगरानी के संबंध में सरल भाषा में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। आयशा खान ने बताया कि इस आयोजन से वार्ड के हितग्राहियों को सीधा लाभ मिला है और वे स्वास्थ्य व पोषण के प्रति पहले से कहीं अधिक सजग हुए हैं।

See also  CG : ‘K.K.’ टैटू से खुला महिला की हत्या का राज, नेमीचंद साहू को आजीवन कारावास …

उत्कृष्ट सेवा पर मिला पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट और निष्ठावान सेवाओं के लिए आयशा खान को विभागीय स्तर पर पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब अपने ही कार्यस्थल पर जनप्रतिनिधियों और समुदाय के समक्ष सम्मान मिलता है, तो गर्व और आत्मसंतुष्टि की असीम अनुभूति होती है। इस सम्मान ने उनके भीतर समाज और बच्चों की सेवा के संकल्प को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *