CG : दुर्गा पंडाल और गरबा आयोजकों के लिए पुलिस ने जारी किए 10 बड़े निर्देश …

CG : दुर्गा पंडाल और गरबा आयोजकों के लिए पुलिस ने जारी किए 10 बड़े निर्देश …

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम दुर्ग में दुर्गा पंडाल और गरबा आयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक मध्यम एवं बड़े दुर्गा पंडालों और गरबा आयोजनों के आयोजक शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा और ध्वनि नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक सुबह 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित हुई। इसमें एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल, एएसपी ट्रैफिक कौशलेन्द्र पटेल, सीएसपी भिलाई नगर, एसडीएम भिलाई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोजकों से उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पंडालों का निर्माण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाना चाहिए। पंडालों में प्रवेश और निकास द्वार पर्याप्त तथा सुरक्षित होने चाहिए। इसके अलावा श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों को बाधामुक्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि भीड़ बढ़ने की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों को पंडालों में अग्निशमन यंत्र सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने और अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए। बिजली के तारों, कनेक्शन, लाइटिंग और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कराने को कहा गया। खुले तारों, असुरक्षित विद्युत जोड़ और ओवरलोडिंग से बचने तथा जरूरत पड़ने पर अधिकृत तकनीशियन की सहायता लेने के निर्देश दिए गए। नवरात्रि और दुर्गा उत्सव के दौरान आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भीड़ प्रबंधन की उचित व्यवस्था करने को कहा है। आयोजकों को संभावित भीड़ के अनुसार प्रवेश और निकास की व्यवस्था करने तथा पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात रखने के निर्देश दिए गए। भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था को लेकर एएसपी ट्रैफिक कौशलेन्द्र पटेल की मौजूदगी में आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

See also  दुर्ग को मिलेगी 50 लाख की आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात, छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

आयोजन स्थलों के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग रोकने को कहा गया। साथ ही एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस सहायता के लिए रास्ते खुले रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। पुलिस ने आयोजकों से कहा कि डीजे का संचालन निर्धारित समय, अनुमेय ध्वनि सीमा और लागू वैधानिक दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाए। ध्वनि संबंधी नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी गई। गरबा आयोजनों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। आयोजकों को प्रवेश और निकास द्वारों पर निगरानी रखने तथा आयोजन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश दिए गए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया। पुलिस ने आयोजकों को आयोजन से संबंधित आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने और प्रशासन, अग्निशमन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सभी आयोजकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी वितरित की गई।

इसके अलावा आयोजन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी और निगरानी की व्यवस्था रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने आयोजकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अफवाहों से बचने और आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग लेने की भी अपील की गई। पुलिस ने आयोजकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी रखने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए सुगम रास्ते उपलब्ध कराने के साथ संबंधित अधिकारियों तथा आपातकालीन सेवाओं के संपर्क नंबर अपने पास रखने को कहा गया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी सुरक्षा संबंधी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उत्सव शुरू होने से पहले आयोजक सुरक्षा, बिजली, अग्निशमन, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर लें। निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। दुर्ग पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा और नवरात्रि तथा दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आयोजकों के साथ समन्वय बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

See also  CG : धर्म बदलने के दबाव से परेशान युवक ने की थी आत्महत्या, कोर्ट ने सुनाई सजा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *