CG : रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपति की हत्या, बदले की भावना से वारदात को दिया अंजाम; आरोपी गिरफ्तार…

CG : रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपति की हत्या, बदले की भावना से वारदात को दिया अंजाम; आरोपी गिरफ्तार…

रायपुर , रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के बिरबिरा गांव में बुजुर्ग दंपति की हत्या जादू-टोने के शक में की गई थी। पुलिस के मुताबिक, गांव के ही 22 वर्षीय युवक को शक था कि दंपति ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली है। इसी रंजिश में उसने दोनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद महिला के सोने-चांदी के जेवर भी लूट लिए। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर 48 घंटे में हत्याकांड का खुलासा किया है। मृतकों की पहचान सदाशी साहू (65) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62) के रूप में हुई है। 8 अक्टूबर को गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर दंपति की हत्या कर दी है। पुलिस को दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू (22) ने पूछताछ में बताया कि 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे परिवार के सो जाने के बाद वह टंगिया और हंसिया लेकर अपने घर की छत से पड़ोसी की छत पार कर दंपति के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर टंगिया से वार किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू के सिर और गले पर टंगिया से हमला किया और हंसिया से सीने-पेट पर वार किए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के शरीर पर पहने चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने के जेवर के अलावा घर में रखी अंगूठी, बिछिया और सिक्के लेकर फरार हो गया। उसने खून लगे हथियारों को नाली में धोकर सफेद बोरी में रखा और तामासिवनी रोड किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

See also  पर्यटन के जरिए ग्रामीण सशक्तिकरण: विष्णु देव साय सरकार की अनूठी पहल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *