राजनांदगांव : माँ बम्लेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए 12 जोनल अधिकारी नियुक्त

cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

– 20 अक्टूबर तक सेवा पंडालों, पदयात्री मार्गों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की करेंगे निगरानी
– श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य, प्रकाश एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
राजनांदगांव । डोंगरगढ़ स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर में क्वांर नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न विभागों के 12 अधिकारियों को जोनल अधिकारी नियुक्त किया है। नियुक्त अधिकारी 20 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सेवा पंडालों, पदयात्री मार्गों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर सेवा पंडाल स्थापित किए गए हैं। पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए मार्गों पर मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के लिए अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों एवं सेवा पंडालों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास आरके जाम्बुलकर, सहायक संचालक उद्यानिकी रविन्द्र कुमार नेहरा, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विजय लक्ष्मी बर्मन, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास बघेल, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन नीलेश रामटेके, उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर, खनिज अधिकारी ज्योति मिश्रा, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र नितेश दुगे, सहायक अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी गिनेन्द्र साहू तथा उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अनुप चटर्जी को विभिन्न सेवा पंडालों एवं पदयात्री मार्गों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता पलक जैन को मेला अवधि में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

See also  छत्तीसगढ़ अत्यावश्यक सेवा संधारण तथा विच्छिन्नता निवारण संशोधन विधेयक 2026-


नियुक्त जोनल अधिकारियों को सेवा पंडालों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं, आवश्यक दवाइयों, पेयजल, प्रकाश एवं संकेतक व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पदयात्री मार्गों पर यातायात व्यवस्था की निगरानी करते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था का तत्काल निराकरण कराने कहा गया है। जिला प्रशासन ने सभी जोनल अधिकारियों को संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सेवा पंडाल संचालकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस एवं जिला प्रशासन को सूचित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा कंट्रोल रूम को जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *