CG : नेहरू आर्ट गैलरी में कमलेश वर्मा की वन्यजीव छायाचित्र प्रदर्शनी आज से…

भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित नेहरू आर्ट गैलरी, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर में भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-2 विभाग से सेवानिवृत्त छायाकार कमलेश कुमार वर्मा की तीन दिवसीय एकल वन्यजीव छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का शुभारंभ 22 अक्टूबर को मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) अनुराग उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।

यह प्रदर्शनी 22 से 24 अक्टूबर तक प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में कमलेश कुमार वर्मा द्वारा खींचे गए वन्यजीव छायाचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे, जो वन्यजीवों की प्राकृतिक सुंदरता, उनके व्यवहार तथा प्राकृतिक परिवेश के विविध पहलुओं को कलात्मक दृष्टि से प्रस्तुत करेंगे।

कमलेश कुमार वर्मा की साहित्य एवं कला के प्रति रुचि शालेय जीवन से ही रही है। साहित्य, पत्रकारिता और छायाचित्रण के क्षेत्र में सक्रिय रहे वर्मा के छायाचित्र विभिन्न समाचार-पत्रों में प्रकाशित होते रहे हैं। छायाचित्रण के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा को भी पहचान मिली है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित इको टूरिज्म फोटो प्रतियोगिता, 2002 में उन्हें पुरस्कृत किया गया था। वहीं, भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित फोटो प्रतियोगिता, 2009 में उन्होंने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। उनके छायाचित्र विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं के आवरण पृष्ठों पर भी प्रकाशित हो चुके हैं।

यह प्रदर्शनी दर्शकों को वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक परिवेश को छायाचित्रों के माध्यम से करीब से देखने तथा प्रकृति की विविधता और सुंदरता को अनुभव करने का अवसर प्रदान करेगी।

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग ने कला प्रेमियों, छायाचित्र प्रेमियों, प्रकृति एवं वन्यजीव प्रेमियों तथा आम नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर कमलेश कुमार वर्मा के छायाचित्रों के माध्यम से वन्यजीवन की सुंदरता का अनुभव करने का आग्रह किया है।

See also  राजनांदगांव : 154 शहीदों को नमन, परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *