CG : 15 साल से बंद रास्ता अतिक्रमण मुक्त, जल्द शुरू होगा आवागमन …

CG : 15 साल से बंद रास्ता अतिक्रमण मुक्त, जल्द शुरू होगा आवागमन …

दर्जनभर से ज्यादा नोटिस के बाद रिसाली निगम की कार्रवाई, तीन दुकानों को हटाया

रिसाली । वार्ड 13 टंकी मरोदा में मुख्य उतई मार्ग पर पिछले 15 वर्षों से अतिक्रमण के कारण बंद आम रास्ता अब फिर से शुरू होगा। शुक्रवार को नगर पालिक निगम रिसाली के राजस्व विभाग ने बेदखली अभियान चलाकर तीन दुकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान शुरुआत में विरोध हुआ, लेकिन नेवई पुलिस की मध्यस्थता के बाद दुकानें खाली कराई गईं और अतिक्रमण हटाया गया।

एक साल से दी जा रही थी समझाइश
निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने करीब एक साल पहले अतिक्रमण कर दुकान संचालित करने वालों को स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। कई बार कार्यालय बुलाकर समझाइश भी दी गई, लेकिन चिकन कार्नर, सैलून और इलेक्ट्रिक दुकान के संचालकों ने दुकानें नहीं हटाईं। इसके बाद राजस्व विभाग के प्रभारी धर्मेंद्र मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पहले दुकानों से सामान निकालने का अवसर दिया। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

दर्जनभर से अधिक नोटिस का भी नहीं हुआ असर
वार्ड 13 की पार्षद विधि यादव और स्थानीय नागरिक पिछले दो वर्षों से बंद रास्ते को खुलवाने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में निगम आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया था। निगम प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को दर्जनभर से अधिक नोटिस जारी किए, लेकिन इसके बावजूद दुकानें संचालित होती रहीं।

अतिक्रमण हटने से बचेगा समय
मैत्री गार्डन चौक से वार्ड 13 तक नहर किनारे आम रास्ता बना हुआ है। निगम ने इस मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कराया है, लेकिन अतिक्रमण के कारण करीब 50 मीटर हिस्से का काम अधूरा था। अब रास्ता खाली होने से शेष सीसी रोड का निर्माण पूरा हो सकेगा। इससे क्षेत्र के नागरिकों को कम दूरी तय कर मैत्री गार्डन चौक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

See also  रायपुर प्रेस क्लब गोलीकांड पर छत्तीसगढ़ प्रेस क्लब सख्त, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *