CG : दुर्ग में पिकअप के गुप्त चेंबर से मिले 4 करोड़ रुपये …

CG : दुर्ग में पिकअप के गुप्त चेंबर से मिले 4 करोड़ रुपये …

रायपुर से नागपुर जा रहा था वाहन

दुर्ग । दुर्ग जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो मैक्स पिकअप से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास हुई कार्रवाई में वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर से नकदी मिली। वाहन में सवार दो लोगों से रकम के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ की जा रही है।

रात 11 बजे रोका गया पिकअप
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही है। इसके आधार पर पुलिस टीम ने डबरापारा के पास रात करीब 11 बजे सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप (क्रमांक CG 04 QU 5996) को रोककर जांच की।

पिछले हिस्से में मिला गुप्त चेंबर
जांच के दौरान पुलिस को वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया हुआ मिला। संदेह के आधार पर सघन तलाशी लेने पर वहां एक विशेष गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने नकदी की कुल राशि 4 करोड़ रुपये बताई है।

दो लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार, वाहन में भवेशभाई जीनाभाई डाभी चालक के रूप में और विष्णुदेव दुबे सवार थे। दोनों से बरामद रकम के वास्तविक स्वामित्व, उसके स्रोत और इसे नागपुर ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

आयकर विभाग को भी दी जाएगी सूचना
पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नकदी के वित्तीय स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। रकम किसकी है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

See also  CG BJP प्रभारी स्मृति ईरानी का सख्त निर्देश, बिना बुलाए प्रदेश कार्यालय न पहुंचें नेता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *