राजनांदगांव : तूफान से तबाही… खेतों में भरा पानी, जमीन में बिछी धान की फसल, वनांचल में गिरे कई पेड़…

राजनांदगांव : तूफान से तबाही... खेतों में भरा पानी, जमीन में बिछी धान की फसल, वनांचल में गिरे कई पेड़...

राजनांदगांव , चक्रवाती तूफान अर्नब ने किसानों की मुसीबत बढ़ा दी है। अविभाजित राजनांदगांव क्षेत्र में बुधवार रात से तेज बारिश शुरू हुई। जो गुरुवार को पूरे दिन जारी रही। इससे खेतों में पानी भर गया है। किसान सुबह से इसकी निकासी में जुटे रहे।

रात में हवा की गति 50 किमी. प्रति घंटे दर्ज की गई। इससे खेत में खड़ी धान की फसल पूरी तरह झुक गई हैं। धान में लगी बालियां भी झड़ने की शिकायत सामने आई है। वहीं तेज हवा के चलते वनांचल क्षेत्र में कई पेड़ भी धराशायी हो गए। बिजली के पोल और तार भी टूटे हैं। जिससे ​जिले के कई हिस्सों में पूरी रात ब्लैक आउट की स्थिति रही है। आधे शहर में भी पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली कर्मचारी सुधार कार्य में जुटे रहे।

उपरवाह : तेज हवा के चलते धान की फसल गिर गई है। किसानों ने बताया कि खेतों में पानी भरने और नमी बढ़ने से धान की बालियों के सड़ने तथा फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। कटाई के ठीक पहले मौसम की मार पड़ने से उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है। फसल गिरने से कटाई में परेशानी बढ़ने के साथ ही उत्पादन और धान की गुणवत्ता पर भी असर पड़ेगा। तुमड़ीबोड़ : तुमड़ीबोड़ इलाके में भी अर्नब तूफान का बुरा असर रहा है। धान के साथ सब्जी और दलहन की फसलों को नुकसान पहुंचा हैं।

किसानों ने वास्तविक आकलन के लिए प्रशासन से खेतों का सर्वे कराने की मांग की है। किसानों के साथ बड़ा आर्थिक संकट खड़ा होने की स्थिति बनी हुई है। खैरागढ़ : खैरागढ़ इलाके में भी पूरी रात बारिश जारी रही। यहां बड़े रकबे में धान की फसल लगी है। खेतों में पानी भर गया है। जिससे फसल में नमी और सड़न की आशंका बढ़ गई है। तेज हवा से धान की बालियां भी झड़ गई है।

See also  CG : नगर पंचायत बड़ीकरेली में वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही 12 नवंबर को …

गंडई-छुईखदान हिस्से में भी ​ऐसी ही स्थिति रही। अंबागढ़ चौकी : वनांचल में देर रात हवा की गति अचानक बढ़ गई। इससे कई हिस्सों में पेड़ गिर गए। सड़कों पर रात भर आवाजाही भी प्रभावित रही। वहीं ग्रामीण इलाकों में बिजली के पोल गिरने और तार टूटने की शिकायत सामने आई। इससे पूरी रात गांवों में ​ि​बजली आपूर्ति ठप पड़ी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *