राजनांदगांव : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसान लीलाधर साहू को मिल रहा आर्थिक संबल

राजनांदगांव : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसान लीलाधर साहू को मिल रहा आर्थिक संबल

– खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में मददगार बन रही सम्मान निधि की राशि
– किसान लीलाधर साहू ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार


राजनांदगांव । किसानों की मेहनत और उनके सपनों को संबल देने के लिए संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अन्नदाताओं के जीवन में आर्थिक सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया उजाला लेकर आ रही है। खेती-किसानी में छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इसी योजना से लाभान्वित राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोखला निवासी किसान लीलाधर साहू के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 24वीं किस्त के हस्तांतरण से उन्हें खेती-किसानी के कार्यों के लिए आर्थिक संबल मिला है। किसान लीलाधर साहू ने बताया कि खेती ही उनकी आजीविका का प्रमुख आधार है। खेतों में मेहनत कर फसल उगाना और परिवार की जरूरतों को पूरा करना उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेती-किसानी के दौरान बीज, खाद एवं अन्य कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए समय-समय पर राशि की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली राशि उनके लिए मददगार साबित होती है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त राशि का उपयोग वे खेती-किसानी के कार्यों में करते हैं। इससे कृषि संबंधी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत मिलती है।


लीलाधर साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष तीन किस्तों में 2-2 हजार रूपए की राशि प्रदान की जाती है। इस प्रकार सालभर में कुल 6 हजार रूपए की आर्थिक सहायता सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है। यह राशि किसानों को खेती की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना से किसानों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही खेती के प्रति उनका उत्साह और आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। शासन द्वारा किसानों की जरूरतों का ध्यान रखते हुए दी जा रही सम्मान निधि उनके लिए महत्वपूर्ण सहारा है। उन्होंने किसानों के हित में संचालित इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

See also   मोहला : जिला स्तरीय राज्योत्सव में A-HELP पशुसखियों को मिला सम्मान, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने प्रदान किए प्रमाण पत्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *