राजनांदगांव , योग वेदांत सेवा समिति राजनांदगांव के साधकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर केंद्रीय कारागार जोधपुर में निरुद्ध आशाराम (87 वर्ष) के बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से जेल अधीक्षक, कारागार महानिदेशक, गृह विभाग (कारागार शाखा) के प्रमुख, शासन सचिव व जोधपुर पुलिस आयुक्त से पत्राचार कर जोधपुर स्थित आरोग्यम् हॉस्पिटल में उपचार की अनुमति तथा उनके स्वास्थ्य के अनुकूल आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था करने का आग्रह किया।
समिति के अध्यक्ष रोहित चंद्राकर, टीके चंद्राकर, संतोष पिल्ले ने बताया कि आशाराम पिछले 13 वर्षों से जोधपुर केंद्रीय कारागार में निरुद्ध है। वे 87 वर्ष की आयु में अनेक गंभीर व दीर्घकालीन बीमारियों से पीड़ित हैं। हाल ही में हुए गंभीर हृदयाघात के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर परिजनों, अनुयायियों व शुभचिंतकों में चिंता व्याप्त है। ज्ञापन सौंपने के दौरान महेश रायचा, रमेश भोजवानी, नम्मू लाल साहू, रामाधीन साहू, राजेन्द्र वर्मा, घनाराम साहू, एरिना चंद्रवंशी, सरिता चक्रधारी, नीतू लहरवानी, एकता चंद्राकर सहित डोंगरगढ़, डोंगरगांव, छुरिया, चौकी, मोहला, खैरागढ़, गंडई के समिति के साधक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
न्यायालयों के आदेशों के अनुरूप उपचार की मांग: समिति के संजय साहू, दिलीप सिन्हा ने बताया कि आरोग्यम् हॉस्पिटल में उपचार के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय, राजस्थान उच्च न्यायालय के द्वारा चिकित्सा सुविधाएं अभिरक्षा की पूरी अवधि के दौरान निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन आदेशों की प्रतियां भी ज्ञापन के साथ संलग्न की गई हैं।


















Leave a Reply