MP में स्वास्थ्य शिक्षा का होगा विस्तार, अगले दो साल में खुलेंगे 22 नए मेडिकल कॉलेज

भोपाल

 प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए अगले दो वर्षों में 22 नए मेडिकल कालेज शुरू करने की तैयारी है। इससे प्रदेश में चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या बढ़कर 56 हो जाएगी और एमबीबीएस की कुल सीटें 6,050 से बढ़कर 18,050 तक पहुंच जाएंगी।

नए कालेजों की स्थापना के साथ पहले से संचालित चिकित्सा महाविद्यालयों में भी सीटों का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने गुरुवार को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस लक्ष्य के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए।

11 जिलों में पीपीपी मॉडल पर कालेज, जल्द जारी होंगी निविदाएं

मुख्यमंत्री ने मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ में पीपीपी माडल पर स्थापित होने वाले 11 मेडिकल कालेजों के लिए नई निविदाएं जल्द जारी करने को कहा।

साथ ही बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी माडल पर बनने वाले मेडिकल कालेजों के निर्माण कार्य की निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में इनका संचालन शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

20 शासकीय और 14 निजी कॉलेज संचालित

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 20 शासकीय और 14 निजी मेडिकल कालेज हैं। इनके अलावा छह नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय छतरपुर, दमोह, बुधनी, उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में स्थापित किए जा रहे हैं। छतरपुर, दमोह और बुधनी के भवन निर्माण का काम पूरा हो चुका है, जबकि उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में निर्माण कार्य प्रगति पर है।

दो वर्षों में 22 नए कालेज, 12 हजार से अधिक अतिरिक्त सीटें

बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी माडल पर मेडिकल कालेज संचालन के लिए अनुबंध भी निष्पादित किए जा चुके हैं। इनके अलावा 11 जिलों में नए कालेजों की स्थापना के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एक नए निजी मेडिकल कालेज की स्थापना भी प्रस्तावित है।

See also  मध्यप्रदेश पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई

इस तरह अगले दो वर्षों में कुल 22 नए चिकित्सा महाविद्यालय संचालित करने की योजना है। इनसे मिलने वाली सीटों और मौजूदा कालेजों में सीट वृद्धि को मिलाकर 12 हजार से अधिक अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें उपलब्ध होंगी। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *