राजनांदगांव : अब गांव के पास ही धान बेच सकेंगे महेन्द्र यादव …

राजनांदगांव : अब गांव के पास ही धान बेच सकेंगे महेन्द्र यादव …
  • मनकी में नया धान उपार्जन केन्द्र खुलने से चार गांवों के 631 पंजीकृत किसानों को मिलेगी सुविधा
  • धान के परिवहन में समय, ईंधन और मेहनत की होगी बचत

राजनांदगांव । राज्य शासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ बनाने लगातार प्रयास किए जा रहे है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़े और उन्हें धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नए धान उपार्जन केन्द्र स्थापित किए गए हैं। शासन की इस पहल से किसानों के समय, श्रम एवं परिवहन खर्च में बचत होगी। इसी कड़ी में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मनकी में नवीन धान उपार्जन केन्द्र खुलना किसान महेन्द्र यादव के लिए बड़ी राहत लेकर आयी है। ग्राम मनकी निवासी किसान महेन्द्र यादव ने बताया कि पहले अपनी उपज बेचने के लिए लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित धान उपार्जन केन्द्र सोमनी जाना पड़ता था। इस दौरान टोल प्लाजा भी पार करना पड़ता था। धान को इतनी दूर तक ले जाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। परिवहन के दौरान कई बार धान की बोरियां गिर जाने से नुकसान होने की आशंका बनी रहती थी। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ ही अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि अब गांव के पास ही नया धान उपार्जन केन्द्र खुल जाने से किसानों की परेशानी दूर हो गई है। अब धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे परिवहन में लगने वाले पेट्रोल-डीजल के खर्च में कमी आएगी और समय एवं मेहनत की भी बचत होगी। गांव के नजदीक धान उपार्जन केन्द्र की सुविधा मिलने से किसानों में खुशी और उत्साह है।

See also  लोकभवन में दीपावली मिलन समारोह आयोजित

किसान महेन्द्र यादव ने कहा कि शासन द्वारा किसानों की समस्या को देखते हुए ग्राम मनकी में नवीन धान उपार्जन केन्द्र प्रारंभ किया गया है। नवीन धान उपार्जन केन्द्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए सुविधा होगी। साथ ही इससे क्षेत्र के अन्य किसानों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने नवीन धान उपार्जन केन्द्र के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि नवीन धान उपार्जन केन्द्र मनकी में कुल 631 किसान पंजीकृत हैं। इस केन्द्र के प्रारंभ होने से ग्राम सुंदरा, पार्री, तोरनकट्टा एवं मनकी के किसानों को धान उपार्जन की सुविधा मिलेगी। अब किसानों को धान विक्रय के लिए दूरस्थ उपार्जन केन्द्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जिससे किसानों के समय एवं परिवहन व्यय की बचत होगी। नवीन धान उपार्जन केन्द्र मनकी में धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *