राजनांदगांव , किशोरावस्था जीवन का ऐसा पड़ाव है, जब बालिकाओं के शरीर में कई तरह के शारीरिक और मानसिक बदलाव होते हैं। इस दौरान सही पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का होना बेहद जरूरी है। बावजूद इसके, कई बार जानकारी के अभाव और सामाजिक झिझक के कारण किशोरियां अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात नहीं कर पातीं।
खासकर एनीमिया, खानपान, शारीरिक बदलाव और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे विषयों पर उनकी जिज्ञासाएं अनुत्तरित रह जाती हैं। इसी झिझक को तोड़ने और किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के लिए ‘ओ री बहिनी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सृजन सामाजिक संस्था द्वारा संचालित ‘पहल पोषण की’ कार्यक्रम के अंतर्गत सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हुई इस कार्यशाला में 40 से अधिक किशोरी बालिकाओं ने हिस्सा लिया। यहां डॉक्टर से सीधे संवाद, सवाल-जवाब, समूह गतिविधियों और रोचक रोल प्ले के जरिए किशोरियों को सेहत से जुड़े उन पहलुओं की जानकारी दी गई, जिन पर वे सामान्यतः खुलकर बात करने में संकोच करती हैं।
अपने फैसले खुद लेने का आत्मविश्वास भी जरूरी महिमा सोनी ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया। उन्होंने उन्हें अपने जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों को समझदारी और आत्मविश्वास के साथ लेने के लिए प्रेरित किया। व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में पहल दीदियों ने रोल प्ले के जरिए किशोरावस्था में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान को रोचक एवं सहज तरीके से प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से बालिकाओं को यह समझाने का प्रयास किया गया कि शारीरिक और मानसिक बदलाव किशोरावस्था का स्वाभाविक हिस्सा हैं।
बढ़ती उम्र में शरीर को पर्याप्त पोषण की जरूरत होती है कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. आरती कावले ने किशोरियों को बताया कि बढ़ती उम्र में शरीर को पर्याप्त पोषण की जरूरत होती है। भोजन में आयरन, प्रोटीन और अन्य जरूरी पोषक तत्वों की कमी से स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने एनीमिया के कारण, उससे बचाव के उपाय, पोषणयुक्त भोजन के महत्व और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही किशोरियों को अपने शरीर में होने वाले बदलावों को समझने और किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर उसे नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। बालिकाओं को अपनी जिज्ञासाएं रखने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर सीधे डॉक्टर से चर्चा करने का अवसर भी मिला।

















Leave a Reply