राजनांदगांव : जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का हुआ शुभारंभ

cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

– पहले दिन 726 किसानों से 26 हजार 361 क्विंटल से अधिक धान की हुई खरीदी
– टोकन प्राप्त करने वाले 89.19 प्रतिशत किसानों ने पहले दिन ही बेचा धान


राजनांदगांव । शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में पहले दिन किसानों में अपनी उपज बेचने उत्साह दिखा। धान खरीदी के पहले दिन जिले के विभिन्न उपार्जन केन्द्रों में 726 किसानों से कुल 26 हजार 361.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। धान खरीदी की सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं टोकन की सुविधा से किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में सुविधा मिल रही है। जिले में धान खरीदी के पहले दिन 118 उपार्जन केन्द्रों के लिए कुल 814 टोकन जारी किए गए थे। इनमें से 27 टोकन समितियों के माध्यम से जारी किए गए। वही 787 किसानों ने मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं टोकन प्राप्त किया। जारी टोकन के माध्यम से कुल 32 हजार 655.60  क्विंटल धान विक्रय के लिए पंजीयन किया गया था। इनमें से 726 किसानों ने पहले दिन ही उपार्जन केन्द्रों में पहुंचकर अपना धान विक्रय किया। इस प्रकार टोकन प्राप्त करने वाले 89.19 प्रतिशत किसानों ने पहले दिन ही अपनी उपज का विक्रय किया।


जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया में डिजिटल सुविधाओं का भी प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त करने वाले 702 किसानों से 25 हजार 548  क्विंटल धान की खरीदी की गई। वहीं समितियों द्वारा जारी टोकन के माध्यम से 24 किसानों से 813.20  क्विंटल धान खरीदा गया। मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त करने की सुविधा किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। इससे किसानों को अपनी सुविधानुसार टोकन प्राप्त करने एवं निर्धारित तिथि पर धान विक्रय करने में आसानी हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

See also  CG : विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को सहेजना भी हमारी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री साय…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *